30 साल में जितने आईएस, पीसीएस बनाये वो सब अयोग्य:58 साल में अपनी योग्यता सिद्ध करने को लेकर शिक्षकों का फूटा गुस्सा

Nov 18, 2026 - 19:36
0
30 साल में जितने आईएस, पीसीएस बनाये वो सब अयोग्य:58 साल में अपनी योग्यता सिद्ध करने को लेकर शिक्षकों का फूटा गुस्सा
बरेली में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता से राहत समेत 12 मांगों का ज्ञापन सौंपा। मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी। शिक्षकों का कहना है कि 55 से 58 साल की उम्र में, सेवा के आखिरी वर्षों में उन्हें टीईटी परीक्षा देनी पड़ रही है। उनका सवाल है कि 25 से 30 साल की सेवा के बाद रिटायरमेंट के करीब परीक्षा की बाध्यता क्यों रखी गई है। संघ के जिलाध्यक्ष शिव स्वरूप शर्मा ने कहा कि वर्ष 1993 से नियुक्त कई शिक्षक 25 से 30 साल तक सेवा दे चुके हैं। उनके मुताबिक, इस उम्र में परीक्षा देना मुश्किल है और ऐसे शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से राहत मिलनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि शिक्षक इस मांग को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार और संसद से ऐसा कानून बनाने की मांग की, जिससे लंबे समय से काम कर रहे शिक्षकों को टीईटी की बाध्यता से छूट मिल सके। ज्ञापन में पुरानी पेंशन बहाल करने, प्रधानाध्यापक के खाली पदों पर पदोन्नति और 12 साल की सेवा पर प्रोन्नत वेतनमान देने की मांग शामिल है। टीईटी पास नहीं करने वाले शिक्षकों को तय शर्तों के साथ पदोन्नति देने की मांग भी की गई। वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स में 50 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता खत्म करने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई। इसके अलावा विशेष श्रेणी के शिक्षकों के लंबित अंतर्जनपदीय तबादले, मृतक शिक्षकों के योग्य आश्रितों को नौकरी और स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सफाईकर्मी व चौकीदार तैनात करने की मांग की गई। शिक्षकों ने दूसरे शनिवार की छुट्टी और उपार्जित अवकाश देने की मांग भी उठाई। शिक्षक नेताओं ने कहा कि मांगों पर फैसला नहीं हुआ तो प्रदेश स्तर पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा और सरकार को लंबित मांगों पर फैसला लेना होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User