60 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलेगा पौष्टिक भोजन:केंद्रीय राज्यमंत्री ने किया उद्घाटन, 21 पंचायतों के 4 हजार बच्चों को लाभ
बलरामपुर में बच्चों के पोषण स्तर में सुधार और उन्हें नियमित रूप से संतुलित आहार उपलब्ध कराने की दिशा में रेहरा बाजार ब्लॉक में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। गुरुवार दोपहर 11:30 बजे केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्यमंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ‘राजा भैया’ ने अचलपुर चौधरी में तैयार की जा रही केंद्रीय रसोई का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही फीडिंग इंडिया और बलरामपुर जिला प्रशासन की साझेदारी में 21 ग्राम पंचायतों के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों पर करीब चार हजार बच्चों को गर्म एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की योजना धरातल पर उतर गई।पूरा कार्यक्रम लगभग 2 बजे सम्पन्न हुआ। दतलूपुर स्थित बाबू आरपीवी एजुकेशनल एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम से भी जोड़ा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बच्चों के साथ आत्मीयता से मुलाकात की और झूले पर बच्चों को गोद में लेकर झुलाया। इससे कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और अभिभावकों में उत्साह दिखाई दिया। देखें, 3 तस्वीरें… कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की। इसके बाद बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने क्षेत्र में पोषण सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में योगदान देने वाली आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए सामुदायिक भागीदारी तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा बहुओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री एक आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता तथा बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे आहार की जानकारी ली। बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने का यह दृश्य कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच खास चर्चा का विषय रहा।
भोजन की गुणवत्ता, समयबद्ध आपूर्ति के साथ बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर और नियमित उपस्थिति की निगरानी भी की जाएगी। इस कार्य में फीडिंग इंडिया की टीम और आंगनबाड़ी कर्मियों की संयुक्त भूमिका रहेगी। जानकारी के मुताबिक, अभियान के लिए क्षेत्र का चयन विस्तृत अध्ययन के बाद किया गया। अप्रैल 2026 से फीडिंग इंडिया की टीम और जिला प्रशासन की ओर से क्षेत्रवार आकलन, समीक्षा तथा उपलब्ध आंकड़ों का अध्ययन किया गया। कुपोषण से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण के बाद उतरौला क्षेत्र के रेहरा बाजार ब्लॉक को अभियान के प्रथम चरण के लिए चुना गया।
अभियान के तहत अचलपुर चौधरी में आधुनिक केंद्रीय रसोई तैयार की गई है। यहां प्रतिदिन करीब चार हजार गर्म एवं पौष्टिक भोजन पैकेट तैयार कर विशेष वाहनों के माध्यम से चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। योजना के अनुसार बच्चों को प्रतिदिन तीन बार संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना है।
पोषण संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे क्षेत्र में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य केवल बच्चों तक भोजन पहुंचाना नहीं, बल्कि उनके पोषण स्तर में सुधार, नियमित निगरानी और आंगनबाड़ी केंद्रों पर उनकी उपस्थिति को बढ़ावा देना भी है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से बच्चों को नियमित पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की उम्मीद है।
22 सितंबर को बलरामपुर जिला प्रशासन और जोमैटो फीडिंग इंडिया के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए थे। इसके बाद अब 1 अक्टूबर से अभियान की शुरुआत की गई है।
पहले चरण में रेहरा बाजार ब्लॉक की 21 ग्राम पंचायतों के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों को इसमें शामिल किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आगामी चरणों में इस पहल का विस्तार रेहरा ब्लॉक की अन्य ग्राम पंचायतों तक करने की तैयारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)