गजरौला में युवा किसान चिंतन शिविर:नरेश चौधरी बोले- समय पर नहीं मिल रहा भुगतान, तेज होगा आंदोलन

Oct 01, 2026 - 16:16
0
गजरौला में युवा किसान चिंतन शिविर:नरेश चौधरी बोले- समय पर नहीं मिल रहा भुगतान, तेज होगा आंदोलन
अमरोहा के गजरौला में भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा की ओर से भानपुर फाटक स्थित जसवंत सिंह के आवास पर युवा किसान चिंतन शिविर आयोजित किया गया। इसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने युवा किसानों को संबोधित करते हुए गन्ना भुगतान समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कही। नरेश चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का गन्ना किसान समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण परेशान है और डीसीओ कार्यालय पर धरना देने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 14 दिन में गन्ने का भुगतान करने का नियम निर्धारित किया गया है, लेकिन किसानों के अनुसार कई मिलों में समय से भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान में देरी के बावजूद मिलों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर न्यायालयों में भी मामले पहुंचे हैं। संगठन का आरोप है कि किसानों के हित में आए आदेशों के बावजूद भुगतान की समस्या बनी हुई है। नरेश चौधरी ने कहा कि किसान अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हो चुका है और युवा किसानों को गांव-गांव जाकर संगठित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने सरकार से किसानों का बकाया भुगतान कराने और गन्ना भुगतान व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो युवा किसान आंदोलन को और व्यापक करेंगे। शिविर के दौरान 12 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। आमिर चौधरी को बसंत विहार का वार्ड अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस दौरान अमित चौधरी, जसवंत सिंह, आजम चौधरी, उस्मान चौधरी, अनस चौधरी, परविंदर चौधरी, दिनेश चौहान, आसिफ चौधरी, इकरार चौधरी, नौशाद चौधरी और चौधरी चरण सिंह समेत कई युवा किसान मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User