79 हजार महिलाओं को मिला MPO के लाभ में हिस्सा:1.04 करोड़ रुपये बांटे गए; 3 साल पहले हुई थी शुरूआत
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के अंतर्गत संचालित श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर आर्गनाइजेशन (MPO) को लगातार दूसरे साल लाभ मिला है। दीपावली पर इसकी सदस्य लगभग 79 हजार महिलाओं में लाभांश के रूप में 1 करोड़ 4 लाख रुपये वितरित किए गए हैं। यह धनराशि कंपनी को मिले लाभ का हिस्सा है और दूध बेचकर होने वाले नियमित आय से अलग है। 3 साल पहले ही नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) के सहयोग से इस MPO की स्थापना हुई थी। इसमें गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, संतकबीरनगर, आजमगढ़ व मऊ जिले शामिल हैं। इस MPO से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से पूर्वी उत्तर प्रदेश में श्वेत क्रांति को नई उड़ान मिली है। जो मुनाफा महिलाओं में बांटा गया है। उसमें 72 लाख 1 हजार 786 रुपये निष्ठा प्रोत्साहन राशि के रूप में और 32 लाख 31 हजार 936 रुपये लाभांश के रूप में दिए गए हैं। श्री बाबा गोरखनाथ एमपीओ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) धनराज साहनी के अनुसार, 3 साल के भीतर ही गोरखपुर मंडल सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के सात जनपदों की 79 हजार महिलाएं इससे जुड़कर अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही हैं। MPO का अब तक का टर्नओवर 400 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। संस्था से जुड़ी महिलाएं प्रतिदिन 1.60 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह करती हैं। MPO से जुड़ी करीब 6,800 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इनमें से 282 ऐसी लखपति दीदी हैं, जो लगातार तीन वर्षों से 10 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। लखपति दीदियों के अलावा MPO से जुड़ी अन्य महिलाएं भी औसतन प्रतिमाह 7 से 8 हजार रुपये की आय घर बैठे प्राप्त कर रही हैं। MPO से जुड़कर महिलाएं पशुपालन, दूध उत्पादन और दूध की नियमित आपूर्ति के जरिए स्वयं आत्मनिर्भर बन रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में अपनी भागीदारी मजबूत कर रही हैं। इस बार दीपावली के अवसर पर वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र महिला शेयरहोल्डर्स को 72,01,786 रुपये निष्ठा प्रोत्साहन राशि के रूप में और 32,31,936 रुपये शेयर पूंजी पर लाभांश के रूप में दिए गए। यह धनराशि उनके बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है। निष्ठा प्रोत्साहन राशि महिलाओं को कारोबार में उनके योगदान के आधार पर दी गई, जबकि इक्विटी शेयर पर आठ रुपये प्रति शेयर की दर से लाभांश दिया गया। इस MPO के प्रति शेयर का अंकित मूल्य 100 रुपये है और 4,03,992 इक्विटी शेयरों के सापेक्ष लाभांश वितरित किया गया है। सीईओ का कहना है कि तीन साल में ही MPO ने लगातार दूसरी बार सदस्य महिलाओं के साथ मुनाफा साझा करने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और उनकी प्रेरणा का परिणाम है। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी दृष्टिकोण के कारण ही आज ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)