संभल में कोहरे से वाहनों की रफ्तार धीमी:विजिबिलिटी 150 मीटर रही, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री; AQI 250 दर्ज, पूरे दिन बादल रहेंगे
संभल में गंगा किनारे के इलाकों से लेकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 150 मीटर दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा और ठंडी हवाएं 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। पिछले 8 दिनों के मुकाबले कोहरा ज्यादा रहा और वाहनों की रफ्तार धीमी हुई। सुबह 08 बजे AQI पर्पल जोन में 250 दर्ज किया गया, जबकि सुबह 07:30 बजे AQI रेड जोन में 399 पहुंचा था। शुक्रवार सुबह 8 बजे पूरे संभल जिले का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक तापमान 28 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। शाम को तापमान 5 डिग्री गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आज पूरे दिन बादल छाए रहने का अलर्ट जारी किया है। अगले हफ्ते तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है, जिससे ठंड बढ़ेगी। गंगा किनारे की तहसील गुन्नौर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में सुबह 7:30 बजे कोहरा छाया रहा। चंदौसी में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को भी कोहरे का सामना करना पड़ा। कोहरे का असर ट्रेनों पर भी दिखने लगा है। चंदौसी जंक्शन पर ट्रेनें तय समय से कुछ मिनट की देरी से पहुंच रही हैं। अक्टूबर के आखिर में बारिश के बाद दीपावली से 15 दिन पहले ठंड का मौसम बदल गया। पिछले सालों में गंगा स्नान के बाद ठंड का असर दिखता था। मौसम बदलने का असर लोगों की सेहत पर भी दिख रहा है। जिला संयुक्त चिकित्सालय की ओपीडी में रोज 1,000 से ज्यादा मरीज आ रहे हैं और हर दिन 8,000 ब्लड जांच हो रही हैं। सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी के मुताबिक, रोज 200 से 300 नए मरीज खांसी, जुकाम और बुखार के आ रहे हैं। डॉ. सैनी ने बताया कि डेंगू, मलेरिया और इन्फेक्शन के मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। बबराला निवासी अनिल कुमार ने बताया कि सुबह 7 बजे अचानक कोहरा छाया, जो करीब 40 मिनट तक रहा। उन्होंने कहा कि उनका इलाका गंगा किनारे है और सुबह-शाम ठंड ज्यादा रहती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)