कार हटाने के लिए हॉर्न बजाने पर दो पक्ष भिड़े:रामपुर के जादोमपुर गांव में लाठी-डंडों से मारपीट, दोनों पक्षों के 9 लोग घायल
रामपुर के थाना शहजादनगर क्षेत्र के जादोमपुर गांव में सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हॉर्न बजाने पर शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और ईंटों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में महिलाओं समेत 9 लोग घायल हुए हैं। अजीत सिंह (32) के मुताबिक, गांव में उनके चाचा के लड़के ने सड़क पर कार खड़ी कर दी थी। रास्ता खाली कराने के लिए उन्होंने अपनी गाड़ी का हॉर्न बजाया। इससे नाराज होकर दूसरे पक्ष के लोग घर से बाहर आ गए। आरोप है कि रामनिवास, संजीव, शनीदेवल, दुर्गादेवी, भगवान देई और एक अन्य व्यक्ति की पत्नी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस पक्ष से गंगोत्री (30), अमित (17) और बबली (26) समेत चार लोग घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष ने सरिया और ईंटों से हमले की बात कही दूसरे पक्ष की कामनी ने बताया कि सड़क पर खड़ी कार हटाने के लिए हॉर्न बजाने की बात पर उनके देवर से कहासुनी हुई थी। इसके बाद तीन से चार लोगों ने लोहे की सरिया और डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि ईंटें भी फेंकी गईं। महिला के मुताबिक, दो महिलाओं समेत पांच लोगों के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग थाना शहजादनगर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)