मेरठ की बेटी प्रियंका गोस्वामी को आज मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड:राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित, परिवार और कोच के साथ दिल्ली पहुंचीं ओलंपियन

Nov 13, 2026 - 08:41
0
मेरठ की बेटी प्रियंका गोस्वामी को आज मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड:राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित, परिवार और कोच के साथ दिल्ली पहुंचीं ओलंपियन
मेरठ की बेटी और अंतरराष्ट्रीय रेसवॉकर ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी शुक्रवार को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित होंगी। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्वारा उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। अवॉर्ड समारोह में शामिल होने के लिए प्रियंका बृहस्पतिवार रात अपने परिवार और कोच के साथ दिल्ली पहुंच गईं। अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुने जाने पर उन्होंने सरकार का आभार जताया। इस उपलब्धि के साथ ही प्रियंका के संघर्ष और मेहनत का सफर एक बार फिर चर्चा में है। एक समय ऐसा था, जब बेटी को खिलाड़ी बनाने के लिए पिता को गांव का मकान तक बेचना पड़ा था। परिवार ने आर्थिक परेशानियों के बावजूद बेटी के सपने को टूटने नहीं दिया। प्रियंका पैदल चाल की अंतरराष्ट्रीय एथलीट हैं। वह कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक और एशियन गेम्स सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्ष 2022 में बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने 10 हजार मीटर पैदल चाल में 43 मिनट 38 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता था। इसके अलावा एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2023 में भी 20 हजार मीटर पैदल चाल में रजत पदक हासिल किया। टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसी साल उन्हें अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित किया गया था। माता-पिता और शुरुआती कोच को भी साथ लेकर पहुंचीं अर्जुन अवॉर्ड समारोह में शामिल होने के लिए प्रियंका अपने पिता मदन गोस्वामी और मां अनीता गोस्वामी के साथ दिल्ली पहुंचीं। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों के कोच गौरव त्यागी को भी समारोह में शामिल होने के लिए साथ बुलाया है। प्रियंका की इस उपलब्धि में उनके परिवार के साथ कोच का भी अहम योगदान रहा है। शुरुआती दिनों में कोच गौरव त्यागी के मार्गदर्शन में ही उन्होंने पैदल चाल की तैयारी शुरू की थी। बेटी के सपने के लिए पिता ने बेच दिया था गांव का मकान प्रियंका का खेलों में पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। आज वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उनकी तैयारी के लिए परिवार को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बेटी को अच्छी सुविधाएं मिल सकें और वह नियमित अभ्यास कर सके, इसके लिए पिता मदन गोस्वामी ने गांव का मकान तक बेच दिया था। इसके बाद परिवार मेरठ आकर किराए के मकान में रहने लगा। पिता ने बेटी को स्कूटी खरीदकर दी, ताकि वह आसानी से स्टेडियम पहुंचकर अभ्यास कर सके। मां अनीता गोस्वामी ने भी बेटी की तैयारी में कोई कमी नहीं आने दी। वह प्रियंका के खानपान और डाइट का पूरा ध्यान रखती थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं थी, लेकिन माता-पिता ने बेटी की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया। टैक्सी चलाई, किराना स्टोर और डेयरी से चलाया परिवार बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए मदन गोस्वामी ने कई तरह के काम किए। उन्होंने किराए पर टैक्सी चलाई, साकेत में किराए का मकान लिया और किराना स्टोर भी खोला। इसके अलावा डेयरी चलाकर परिवार का खर्च और बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। इसी संघर्ष के बीच उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों से भी जोड़े रखा। प्रियंका ने शुरुआती पढ़ाई कनोहरलाल गर्ल्स स्कूल और बीके माहेश्वरी से की। उन्होंने शुरुआत में जिम्नास्टिक में हाथ आजमाया था, लेकिन बाद में उनकी रुचि पैदल चाल में बढ़ी। कोच की सलाह पर शुरू की पैदल चाल की तैयारी वर्ष 2010 में स्टेडियम में कोच गौरव त्यागी की सलाह पर प्रियंका ने 20 किलोमीटर पैदल चाल की तैयारी शुरू की। वर्ष 2011 में पहला पदक जीतने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वर्ष 2015 में उन्होंने नेशनल रिकॉर्ड बनाया। पटियाला में 2014-15 के दौरान ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद बेंगलुरु के साई सेंटर में उनका चयन हुआ। यहां से उन्हें निशुल्क प्रशिक्षण मिलने लगा। इससे उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को और निखारने का मौका मिला। वर्तमान में उनका परिवार माधवपुरम में रह रहा है। फरवरी 2021 में प्रियंका ने 20 किलोमीटर पैदल चाल में 1 घंटा 28 मिनट 45 सेकंड का समय निकालकर नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया था। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई। प्रियंका की प्रमुख उपलब्धियां * 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स, बर्मिंघम: 10 हजार मीटर पैदल चाल में 43 मिनट 38 सेकंड में दूरी पूरी कर रजत पदक जीता। * 2023 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप, बैंकॉक: 20 हजार मीटर पैदल चाल में रजत पदक हासिल किया। * 2020 टोक्यो ओलंपिक: भारत का प्रतिनिधित्व किया। * 2024 पेरिस ओलंपिक: पैदल चाल स्पर्धा में हिस्सा लिया। * व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन: 20 किलोमीटर पैदल चाल में 1:28.45 घंटे का समय (2021)।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User