चीन ने पाकिस्तान को हथियार भेजने की खबरों का किया खंडन, अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी
दि राइजिंग न्यूज। बीजिंग । 12 मई 2025 । भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर समझौते के कुछ ही दिनों बाद चीन ने सोमवार को उन रिपोर्टों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि उसने अपने सबसे बड़े सैन्य मालवाहक विमान के जरिए पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति की है। चीनी सेना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह खबरें झूठी हैं और ऐसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दि राइजिंग न्यूज। बीजिंग । 12 मई 2025 ।
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर समझौते के कुछ ही दिनों बाद चीन ने सोमवार को उन रिपोर्टों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि उसने अपने सबसे बड़े सैन्य मालवाहक विमान के जरिए पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति की है। चीनी सेना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह खबरें झूठी हैं और ऐसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (PLAAF) ने कहा कि उसके शीआन वाई-20 सैन्य परिवहन विमान द्वारा पाकिस्तान को हथियार भेजे जाने की खबरें पूरी तरह मनगढंत हैं। PLA ने अपने आधिकारिक बयान में सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और स्क्रीनशॉट्स को ‘अफवाह’ करार देते हुए इन्हें लाल रंग से चिन्हित किया।
चीनी रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट में लिखा गया, “इंटरनेट कोई कानून से परे जगह नहीं है। जो लोग सैन्य मामलों से जुड़ी गलत जानकारी फैलाएंगे, उन्हें कानून के तहत ज़िम्मेदार ठहराया जाएगा।”
भारत-पाक संघर्ष के बीच चीन की सफाई अहम
PLA का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत और पाकिस्तान ने दो दिन पहले सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयों को रोकने पर सहमति बनाई है। ऐसे में चीन की यह सफाई रणनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है। हालाँकि, यह भी ध्यान देने योग्य है कि चीन और पाकिस्तान के रक्षा संबंध पहले से ही गहरे हैं।
पाकिस्तान को चीन से मिलती है सबसे ज़्यादा सैन्य मदद
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन पाकिस्तान का सबसे बड़ा रक्षा आपूर्तिकर्ता बन गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2024 के बीच पाकिस्तान ने अपनी कुल रक्षा खरीद का 81% हिस्सा चीन से लिया। इस सौदे में आधुनिक लड़ाकू विमान, रडार, नौसेना पोत, पनडुब्बियाँ और मिसाइलें शामिल हैं।
इसके अलावा, दोनों देश मिलकर जेएफ-17 लड़ाकू विमान भी बनाते हैं, जो पाकिस्तान एयरफोर्स की रीढ़ माना जाता है।
पीएम शरीफ और चीनी विदेश मंत्री के बयान
सीजफायर के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में चीन के प्रति विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं चीन और वहां की जनता का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जो हर मुश्किल घड़ी में पाकिस्तान के साथ खड़े रहे हैं।” शरीफ ने चीन को पाकिस्तान का “भरोसेमंद और प्रिय मित्र” बताया।
वहीं, इससे पहले चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने भी कहा था कि चीन पाकिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता की रक्षा में उसके साथ खड़ा रहेगा। यह बयान उन्होंने पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के साथ फोन पर बातचीत के दौरान दिया।