पुणे में इंद्रायणी नदी का पुल ढहा, 30 लोगों के बहने की आशंका, 2 की मौत
दि राइजिंग न्यूज। पुणे। 15 जून, 2025 । महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मावल तहसील के तलेगांव दाभाडे क्षेत्र के कुंडमाला में इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना लोहे का पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल पर करीब 100 से 120 लोग मौजूद थे, जो भारी बारिश के बाद नदी के तेज बहाव को देखने पहुंचे थे।
दि राइजिंग न्यूज। पुणे। 15 जून, 2025 ।
महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मावल तहसील के तलेगांव दाभाडे क्षेत्र के कुंडमाला में इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना लोहे का पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल पर करीब 100 से 120 लोग मौजूद थे, जो भारी बारिश के बाद नदी के तेज बहाव को देखने पहुंचे थे।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय कई लोग अपने दोपहिया वाहनों सहित पुल पर खड़े थे, जिससे पुल पर वजन अधिक हो गया। पहले से ही जर्जर स्थिति में मौजूद पुल अचानक ढह गया और दर्जनों लोग पानी के तेज बहाव में बह गए। स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के मुताबिक, अब तक 5-6 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है, जबकि करीब 25-30 लोगों के बहने की आशंका जताई जा रही है।
तीन महीने से बंद था पुल, फिर भी पहुंची भीड़
इस पुल को करीब तीन महीने पहले वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था, क्योंकि यह बेहद खस्ताहाल हो चुका था। इसके बावजूद रविवार को बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। वजह थी पुणे जिले में जारी ऑरेंज अलर्ट और अन्य पर्यटन स्थलों जैसे भुशी डैम और लोनावाला का बंद होना, जिससे पर्यटक विकल्प के तौर पर कुंडमाला क्षेत्र पहुंच गए।
मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब 15 एंबुलेंस और गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है। अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर 5 तक हो सकती है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि, "प्रशासन तेजी से राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।"
लोगों से नदी के पास जाने से परहेज करने की अपील
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के आसपास एकत्र न हों और अफवाहों से बचें। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है, जिससे बचाव कार्यों में बाधा आ सकती है।