राष्ट्रपति का वृंदावन दौरा: प्रेम मंदिर में दर्शन, आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भागीदारी
उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आईं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। वृंदावन पहुंचने पर उनका स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। राष्ट्रपति सबसे पहले इस्कॉन मंदिर वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और आरती में शामिल हुईं। इसके बाद वे मथुरा के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर पहुंचीं।
दि राइजिंग न्यूज। वृंदावन । 19 मार्च 2026 ।
उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आईं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
वृंदावन पहुंचने पर उनका स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। राष्ट्रपति सबसे पहले इस्कॉन मंदिर वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और आरती में शामिल हुईं। इसके बाद वे मथुरा के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर पहुंचीं।
प्रेम मंदिर में विशेष पूजा और लेजर शो
प्रेम मंदिर पहुंचने पर राष्ट्रपति और राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही उन्होंने श्री राधा-कृष्ण के विग्रह के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आया।
मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें मंदिर की विशेषताओं की जानकारी दी गई। राष्ट्रपति ने यहां आयोजित प्रसिद्ध लेजर शो का भी अवलोकन किया, जो श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र होता है। इसके साथ ही उन्होंने गर्भगृह के बाहर परिक्रमा लगाई और प्रसाद ग्रहण किया।
अन्य धार्मिक स्थलों का भी दौरा
अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति ने वृंदावन के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों का दौरा करने का कार्यक्रम तय किया है। 20 मार्च को वे प्रेमानंद जी महाराज आश्रम जाएंगी, साथ ही नीम करौरी बाबा आश्रम पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।
इसके अलावा वे उड़िया बाबा आश्रम और देवनाल कुंड का भी भ्रमण करेंगी। राष्ट्रपति रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (धर्मार्थ अस्पताल) के नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी और वात्सल्य ग्राम का दौरा भी करेंगी।
गोवर्धन में भी कार्यक्रम
21 मार्च को राष्ट्रपति दांघाटी मंदिर गोवर्धन में दर्शन कर आरती में शामिल होंगी और इसके बाद गोवर्धन परिक्रमा करेंगी, जो धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।
स्थानीय लोगों में उत्साह
राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर वृंदावन और मथुरा क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह के उच्च स्तरीय दौरे से क्षेत्र के विकास, साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद बढ़ती है।
राष्ट्रपति का यह दौरा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।