आईआईटी-बीएचयू में लौवा नदी के पुनरोद्धार का खाका पेश:सोनभद्र में डीपीओ को मिला प्रमाण-पत्र, संरक्षण और जलप्रवाह पर जोर
सोनभद्र विश्व नदी दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू), वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में जनपद सोनभद्र की छोटी नदी लौवा के पुनरोद्धार के लिए तैयार कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, लखनऊ, उत्तर प्रदेश की ओर से किया गया। प्रदेश की चयनित 15 जिला परियोजना अधिकारियों (डीपीओ) को “एक नदी एक पहल” के तहत अपनी-अपनी नदियों के पुनरोद्धार की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के लिए नामित किया गया था। इसी क्रम में जिला गंगा समिति, सोनभद्र के डीपीओ एवं वन विभाग के अधिकारी महेंद्र कुमार गौतम ने लौवा नदी की वर्तमान स्थिति, नदी के समक्ष मौजूद प्रमुख चुनौतियों और उसके पुनरोद्धार के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण के दौरान लौवा नदी के संरक्षण, जल प्रवाह को बनाए रखने, जलग्रहण क्षेत्र के विकास तथा संरचनात्मक और सामुदायिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। नदी के दीर्घकालिक संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए स्थानीय स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों को भी कार्ययोजना में प्रमुखता दी गई। प्रस्तुतीकरण के उपरांत राज्य के जल शक्ति मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने डीपीओ महेंद्र कुमार गौतम को सहभागिता एवं प्रस्तुतीकरण के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। लौवा नदी के पुनरोद्धार की यह पहल सोनभद्र की छोटी नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। “एक नदी एक पहल” के माध्यम से स्थानीय नदियों के संरक्षण को गति मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)