आगरा में हिस्ट्रीशीटर की सोते समय हत्या:सिर पर धारदार हथियार से किया वार, गांव में सनसनी
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव कछपुरा में बुधवार रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। खेत पर चारपाई पर सो रहे हिस्ट्रीशीटर प्रेमवीर (35) की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नीम के पेड़ के नीचे सो रहा था, रात में हुआ हमला
गांव कछपुरा निवासी प्रेमवीर पुत्र राजवीर सिंह बुधवार शाम रोज की तरह खेत पर गया था। उसने खेत में नीम के पेड़ के नीचे चारपाई डाली और वहीं सो गया। रात के अंधेरे में घात लगाए बैठे हमलावर ने उसके सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अधिक खून बहने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सुबह 5:30 बजे खुला राज, ग्रामीण ने देखा खून से लथपथ शव
गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव का ही लालाराम खेत में पालेज करने पहुंचा था। शौच के लिए जाते समय उसने प्रेमवीर को आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर वह पास गया तो नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। प्रेमवीर चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था। उसने शोर मचाकर गांव वालों को बुलाया। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, कई थानों का रहा है हिस्ट्रीशीटर
सूचना पर फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार प्रेमवीर का आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई थानों का हिस्ट्रीशीटर था। इसी रंजिश में हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुरानी रंजिश, जमीनी विवाद समेत हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)