आगरा-मथुरा में 1.97 लाख छात्र देंगे PET परीक्षा:कैंट स्टेशन पर 3 हजार वर्ग फीट का होल्डिंग एरिया, पांच स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

Oct 24, 2026 - 23:29
0
आगरा-मथुरा में 1.97 लाख छात्र देंगे PET परीक्षा:कैंट स्टेशन पर 3 हजार वर्ग फीट का होल्डिंग एरिया, पांच स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
यूपी पीईटी परीक्षा को लेकर आगरा मंडल ने कमर कस ली है। 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर 3 हजार वर्ग फीट के होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। रेलवे के अनुसार इस बार प्रदेश में 1,372 केंद्रों पर PET होनी है। आगरा मंडल में ही 1 लाख 97 हजार 504 परीक्षार्थी शामिल होंगे। आगरा में 1 लाख 26 हजार 89 और मथुरा में 71 हजार 415 छात्र परीक्षा देंगे। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के आने-जाने से स्टेशनों पर भीड़ बढ़ेगी, इसलिए रेलवे ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षार्थियों को सही जानकारी मिल सके, इसके लिए आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, ईदगाह और मथुरा जंक्शन पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। यहां से छात्रों को ट्रेनों के समय, परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के रास्ते और अन्य जरूरी जानकारी दी जाएगी। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां रोशनी, पानी और पंखों की व्यवस्था की गई है, ताकि छात्र ट्रेन का इंतजार आराम से कर सकें। भीड़ एक जगह इकट्ठा न हो, इसका भी ध्यान रखा गया है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम में जूनियर स्केल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो 24 घंटे निगरानी करेंगे। वहीं, आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर डॉक्टरों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी छात्र की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके। स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग के सुपरवाइजर, टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ के जवानों की शिफ्टवार ड्यूटी तय की गई है। प्लेटफॉर्म से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया तक भीड़ प्रबंधन देखा जाएगा। इसके अलावा LC-77, LC-10, LC-75A, LC-29 और LC-501 गेटों पर भी RPF स्टाफ की 24 घंटे तैनाती की गई है। परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनों की भी व्यवस्था है। गाड़ी संख्या 11808 आगरा कैंट-झांसी पैसेंजर का मथुरा तक विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा मथुरा-लखनऊ, आगरा कैंट-मेरठ और मथुरा-झांसी-बांदा के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। कानपुर से मथुरा के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 01823 भी 24, 29 और 31 अक्टूबर को चलेगी। जरूरत पड़ने पर आगरा और मथुरा में एक-एक अतिरिक्त रेक भी तैयार रखा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User