जगन रेड्डी बोले-येलहंका पैलेस में भांजी की शादी संभव नहीं:बहन शर्मिला को चिट्‌ठी लिखकर इनकार किया; CM नायडू ने कंस से तुलना की

Oct 24, 2026 - 22:40
0
जगन रेड्डी बोले-येलहंका पैलेस में भांजी की शादी संभव नहीं:बहन शर्मिला को चिट्‌ठी लिखकर इनकार किया; CM नायडू ने कंस से तुलना की
YSRCP प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने अपनी भांजी अंजिली की शादी के लिए बेंगलुरु स्थित येलहंका पैलेस देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने अपनी बहन और दुल्हन की मां APCC अध्यक्ष वाईएस शर्मिला को इसकी वजह गंभीर सुरक्षा चिंताएं बताई हैं। YSRCP ने जगन का शर्मिला को लिखा लेटर जारी किया है। यह 9 अक्टूबर का है। दोनों भाई-बहन के रिश्ते पिछले कुछ समय से तनावपूर्ण हैं। जगन ने लिखा है कि बड़ी संख्या में लोगों के आने से उनके घर की सुरक्षा और निजता को खतरा होगा। अंजिली की शादी 25 नवंबर को होनी है। शर्मिला ने शादी में कई हाई-प्रोफाइल लोगों को बुलाया है। कार्ड भी इसी वेन्यू बेंगलुरु के येलहंका पैलेस के साथ छप गए थे इस मुद्दे पर आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ TDP और विपक्षी YSRCP के बीच नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने जगन को ‘कंस’ बताते हुए उन पर भांजी की शादी में रुकावट डालने का आरोप लगाया। जगन के लेटर की बड़ी बातें… जगन ने लोटस पॉन्ड का ऑप्शन दिया जगन ने शर्मिला से अपनी हालात समझने और शादी के लिए कोई दूसरा स्थान चुनने की अपील की। जगन ने लिखा, “अगर आप कन्वेंशन सेंटर, डेस्टिनेशन वेडिंग इस्तेमाल नहीं करना चाहतीं, जैसा आपने राजा की शादी में किया था, तो मैंने आपको अपना हैदराबाद स्थित लोटस पॉन्ड वाला घर इस्तेमाल करने का ऑप्शन दिया है। यह अब भी कायम है।” जगन ने कहा, “मैं सच में चाहता हूं कि जिलि की शादी खास दिन बने, जिसे वह हमेशा खुशी से याद करे। इसके लिए मैं हर कोशिश करना चाहता हूं। लेकिन मैं आपसे इस मामले में मेरा नजरिया भी समझने को कहता हूं।” नायडू ने जगन की तुलना कंस से की आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि जगन ने बेंगलुरु के येलहंका पैलेस में शादी की अनुमति नहीं देकर भांजी की शादी में रुकावट पैदा की। नायडू ने जगन की तुलना भगवान कृष्ण के मामा कंस से की। उन्होंने कहा कि कंस ने अपनी भांजी की शादी में कथित तौर पर बाधाएं खड़ी की थीं और बाद में कृष्ण ने उसे मार दिया था। नायडू ने आरोप लगाया कि जगन पारिवारिक मूल्यों से दूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जगन अपनी मां और बहन के साथ अन्याय कर रहे हैं। नायडू ने कहा, “वह भांजी की शादी के लिए येलहंका पैलेस नहीं दे रहे हैं। यह कितना अजीब घटनाक्रम है। बहन शर्मिला की भी संपत्ति में हिस्सेदारी होगी।” YSRCP ने नायडू पर पलटवार किया YSRCP ने नायडू पर जगन के खिलाफ निजी हमले करने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य में चल रहे स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े कथित अत्याचारों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी ने एक बयान में मुख्यमंत्री पर ‘सच्चाई छिपाकर जहर उगलने’ और YSRCP प्रमुख पर आरोप लगाने का आरोप लगाया। YSRCP ने कहा, “जब पूरे देश में चुनावी अत्याचारों और YSRCP उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने से रोकने के लिए उन पर हमले की चर्चा हो रही है, तब चंद्रबाबू ने देश और राज्य में चल रही बहस से ध्यान भटकाने के लिए जगन पर निजी हमले करने के लिए और निचले स्तर तक गिर गए।” इस मामले पर शर्मिला की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User