आजमगढ़ में दूसरा पासपोर्ट बनवाने के मामले में मुकदमा:जन्मतिथि में फेर बदल करके दूसरा पासपोर्ट बनवाने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के चाड़ी गांव निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ कथित तौर पर जन्मतिथि में बदलाव कर दूसरा पासपोर्ट बनवाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पासपोर्ट कार्यालय से प्राप्त पत्र और दस्तावेजों के अवलोकन के बाद की है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के चाड़ी निवासी अकबर शाहजादा पुत्र वकील अहमद के नाम वर्ष 2016 में पासपोर्ट संख्या N8169758 जारी हुआ था। इसमें उसकी जन्मतिथि 20 जनवरी 1989 दर्ज थी। इस पासपोर्ट की वैधता 25 फरवरी 2026 तक थी। आरोप है कि इसके बाद अकबर शाहजादा ने अपने व्यक्तिगत विवरण में जन्मतिथि बदलकर वर्ष 2023 में दूसरा पासपोर्ट संख्या Y6204600 बनवा लिया। इस पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि 13 सितंबर 1995 दर्ज है। नया पासपोर्ट 5 अक्टूबर 2023 को जारी हुआ और इसकी वैधता 4 अक्टूबर 2033 तक है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पासपोर्ट में नाम और अन्य विवरणों में अंतर पाए गए, जबकि जन्मतिथि में करीब छह वर्ष का अंतर है। इसी आधार पर पासपोर्ट धारक पर व्यक्तिगत विवरण में कथित रूप से बदलाव कर एक से अधिक पासपोर्ट हासिल करने का आरोप लगाया गया है। सब इंस्पेक्टर की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा उप-निरीक्षक सतीश कुमार की तहरीर पर मुबारकपुर थाने में अकबर शाहजादा के खिलाफ धारा 318(2), 319(2) बीएनएस तथा धारा 12(1)(बी) पासपोर्ट अधिनियम 1967 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिले में डबल पासपोर्ट बनवाए जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें कई आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भी भेजा जा चुका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)