ABVP कार्यक्रम में कुलपति शामिल होने पर छात्र-नेताओं का विरोध:सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बोले -कुलपति पूरे विश्वविद्यालय की होती हैं, किसी संगठन की नहीं
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से ‘त्वम् हि दुर्गा’ युवती सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला भी शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान उन्हें ABVP का पटका पहनाया गया। इसके बाद कुछ छात्र नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसका विरोध जताया। छात्र नेताओं का कहना है कि कुलपति पूरे विश्वविद्यालय की होती हैं। ऐसे में किसी छात्र संगठन के कार्यक्रम में शामिल होकर उस संगठन का पटका पहनना उनकी भूमिका को लेकर सवाल खड़े करता है। छात्रों ने तंज कसते हुए लिखा कि “कुलपति मैडम को छात्र राजनीति में प्रवेश करने पर बधाई, अब छात्रसंघ चुनाव भी करा दीजिए।” छात्र नेताओं ने कहा कि कुलपति को किसी एक संगठन से जुड़ा हुआ नजर नहीं आना चाहिए। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय में छात्रों की कई समस्याएं हैं। हॉस्टल फीस, डिग्री और अन्य मुद्दों को लेकर छात्र जब अपनी बात रखते हैं तो उन्हें जवाब नहीं मिलता, जबकि संगठन के कार्यक्रमों में कुलपति की मौजूदगी नजर आती है। पोस्ट में लिखा- शिक्षा की जिम्मेदारी छोड़ संगठन की राजनीति में व्यस्त सोशल मीडिया पर छात्र नेताओं की ओर से जारी पोस्ट में सवाल उठाया गया कि क्या विश्वविद्यालय के कुलपति का काम किसी संगठन के कार्यक्रम में शामिल होकर उसका पटका पहनना है। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि “शिक्षा की जिम्मेदारी छोड़कर संगठन की राजनीति में व्यस्त” होने जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। छात्रों ने यह भी सवाल उठाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की गतिविधियों में संगठन की सक्रियता को लेकर ऐसी तस्वीर क्यों बन रही है। कुछ छात्र नेताओं ने सोशल मीडिया पोस्ट में कुलपति पर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप भी लगाए हैं। छात्र नेताओं ने कुलपति के कार्यक्रम में शामिल होने और ABVP का पटका पहनने की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। छात्र नेता अक्षय बैसला, आलोक बैसला, आदेश प्रधान, आकाश भड़ाना और रविंद्र प्रधान आदि ने कहा कि कुलपति पूरे विश्वविद्यालय की होती हैं। ऐसे में किसी एक छात्र संगठन के कार्यक्रम में शामिल होकर उसका पटका पहनना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं पर जवाब देने के बजाय संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रियता दिखाना सवाल खड़े करता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)