अमेरिका में निखिल गुप्ता की सजा पर आज सुनवाई:आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप; कोर्ट में मौजूद रहेगा खालिस्तानी आतंकी
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को आज सजा सुनाई जाएगी। न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में होने वाली सुनवाई के दौरान पन्नू भी खुद मौजूद रहेगा। 2023 में हत्या की साजिश का मामला सामने आने के बाद पहली बार दोनों का आमना-सामना हो सकता है। 55 साल के निखिल गुप्ता ने इस साल फरवरी में अपने ऊपर लगे आरोप स्वीकार कर लिए थे। अमेरिकी अभियोजकों ने उसके लिए 24 साल की जेल मांगी है। वहीं, गुप्ता के वकीलों ने सजा घटाकर 12 साल करने की अपील की है। अमेरिकी जिला जज विक्टर मारेरो स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजे सुनवाई करेंगे। पन्नू को कोर्ट में बोलने के लिए 20 मिनट मिल सकते हैं सुनवाई के दौरान पन्नू और गुप्ता दोनों को अदालत में अपनी बात रखने का मौका मिल सकता है। अमेरिकी अभियोजकों ने जज से पन्नू को पीड़ित गवाह के तौर पर 20 मिनट बोलने की अनुमति देने की मांग की है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक गुप्ता की वकील ने बताया कि कानून के मुताबिक आरोपी को भी सजा सुनाए जाने से पहले अदालत में अपनी बात रखने का अधिकार है। अपराध के पीड़ित भी सजा सुनाने की प्रक्रिया के दौरान अपना पक्ष रख सकते हैं। अमेरिकी सरकार ने 24 साल की जेल मांगी अमेरिकी सरकार ने पिछले हफ्ते अदालत में 20 पन्नों की याचिका दाखिल की थी। इसमें गुप्ता को 293 महीने यानी करीब 24 साल 5 महीने की जेल देने की मांग की गई है। अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने कहा कि गुप्ता ने अमेरिका की जमीन पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश में अहम भूमिका निभाई। यह गंभीर अपराध है और इसके लिए कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अभियोजकों के मुताबिक, गुप्ता और उसके साथियों ने पन्नू की राजनीतिक विचारधारा के कारण उसकी हत्या की साजिश रची थी। इस साजिश में कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी भी शामिल था। अमेरिकी सरकार का कहना है कि इस अपराध के लिए 235 से 293 महीने तक की जेल हो सकती है। इसलिए गुप्ता को अधिकतम 293 महीने की सजा दी जानी चाहिए। बचाव पक्ष ने 12 साल की सजा मांगी गुप्ता के वकीलों ने अदालत से सजा कम करने की अपील की है। उनका कहना है कि प्रोबेशन विभाग ने मामले की जांच और गुप्ता से बातचीत के बाद 12 साल की जेल और उसके बाद 3 साल तक निगरानी में रखने की सिफारिश की है। वकीलों ने इसी सिफारिश को मानने की मांग की है। बचाव पक्ष के मुताबिक, गुप्ता का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। जिस समय यह साजिश रची गई, उस समय वह शराब की लत से परेशान था और उसका इलाज भी नहीं चल रहा था। वकीलों ने कहा कि गुप्ता अपनी गलती को छोटा नहीं बता रहा है। उसने एक व्यक्ति की हत्या करवाने की कोशिश में भूमिका निभाई थी और इसके लिए उसे सजा मिलनी चाहिए। हालांकि, सजा अपराध और उसकी निजी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर दी जानी चाहिए। गुप्ता ने चिट्ठी लिखकर अपनी गलती मानी गुप्ता ने अदालत को चिट्ठी लिखकर अपनी हरकतों पर पछतावा जताया है। उसने लिखा कि काश वह 2023 में लौटकर अपनी गलतियां सुधार पाता। उसने कहा, 'जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो उस इंसान को पहचान भी नहीं पाता, जो मैं बन गया था।' गुप्ता ने बताया कि 2023 की शुरुआत में वह अपने परिवार से दूर रहने लगा था और लगभग हर रात ज्यादा शराब पीता था। उसने लिखा कि अपनी वजह से परिवार और आसपास के लोगों को जो तकलीफ हुई, उसका उसे गहरा अफसोस है। उसने यह भी कहा कि वह इस बात के लिए शुक्रगुजार है कि उसकी हरकतों से किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। अगर ऐसा होता तो यह उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा पछतावा होता। ऐसे रची गई थी पन्नू की हत्या की साजिश अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, 2023 में गुप्ता ने भारत और दूसरे देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इसमें विकास यादव भी शामिल था। आरोप है कि यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। लेकिन वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। गुप्ता ने उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यादव ने गुप्ता के जरिए उस व्यक्ति को हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात कही थी। 9 जून 2023 के आसपास गुप्ता और यादव ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भिजवाए थे। भारत सरकार ने आरोपों को खारिज किया इस मामले में पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में अलग से मुकदमा भी दायर किया है। पन्नू का आरोप है कि उसकी हत्या की साजिश में ये लोग शामिल थे। 13 नवंबर को न्यूयॉर्क की दक्षिणी जिला अदालत ने इस मुकदमे से जुड़े समन और दूसरे दस्तावेज भारत की अदालतों के जरिए संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। अजीत डोभाल के लिए पटियाला हाउस और सामंत गोयल के लिए द्वारका और तीस हजारी अदालतों से मदद मांगी गई है। हालांकि, गुप्ता की वकील किर्शनर ने कहा है कि पन्नू का यह मुकदमा गुप्ता के आपराधिक मामले से अलग है। इसका गुप्ता की सजा पर होने वाली सुनवाई से कोई लेना-देना नहीं है। भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने से इनकार किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को खारिज करता है। उन्होंने पन्नू के मुकदमे को भी बेबुनियाद बताया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)