शामली में बिना नक्शे के हो रहे तीन निर्माण सील:एमडीए ने की कार्रवाई; 2,750 वर्गमीटर में बन रहे थे धर्मकांटा और व्यावसायिक-आवासीय इमारतें

Nov 20, 2026 - 07:31
0
शामली में बिना नक्शे के हो रहे तीन निर्माण सील:एमडीए ने की कार्रवाई; 2,750 वर्गमीटर में बन रहे थे धर्मकांटा और व्यावसायिक-आवासीय इमारतें
शामली। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने गुरुवार को शामली विकास क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों पर निर्माण सील कर दिए। इनमें एक धर्मकांटा, एक व्यावसायिक एवं आवासीय निर्माण और एक व्यावसायिक निर्माण शामिल है। तीनों स्थानों पर करीब 2750 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मंडलायुक्त सहारनपुर के निर्देशों और प्राधिकरण की उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई ग्राम गोहरनी में झोड़ के पास की गई। यहां संजू प्रधान पुत्र भोपाल सिंह की ओर से करीब 1500 वर्गमीटर में धर्मकांटे का निर्माण कराया जा रहा था। दूसरी कार्रवाई ग्राम बनत में की गई। यहां विनोद पुत्र बलवीर की ओर से करीब 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक और आवासीय निर्माण कराया जा रहा था। वहीं तीसरी कार्रवाई गोहरनी रोड पर रविदास मंदिर के सामने की गई। यहां कमल पुत्र सत्यपाल सिंह की ओर से करीब 250 वर्गमीटर में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण के अनुसार, तीनों निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे थे। इस संबंध में संबंधित भू-स्वामियों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। चालानी कार्रवाई के बाद निर्माण सील करने के आदेश भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद भू-स्वामियों ने अवैध निर्माण नहीं हटाया। इसके बाद गुरुवार को तीनों स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित टीम मौके पर मौजूद रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User