संभव के वजन का पुतला 6वीं मंजिल से गिराएगी पुलिस:कानपुर में कागज कारोबारी के बेटे की मौत का होगा सीन रीक्रिएशन

Nov 20, 2026 - 07:14
0
संभव के वजन का पुतला 6वीं मंजिल से गिराएगी पुलिस:कानपुर में कागज कारोबारी के बेटे की मौत का होगा सीन रीक्रिएशन
कानपुर में कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के बेटे संभव की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए अब पुलिस सीन रिक्रिएशन कराएगी। इसके लिए पुलिस संभव के वजन के बराबर का एक पुतला तैयार कर उसे 6वीं मंजिल से गिराएगी। पुतले को घड़ी और चश्मा भी पहनाया जाएगा, जिससे यह पता चल सके की आखिर किन कारणों से मृतक का चश्मा और घड़ी नहीं टूटी। इसके साथ ही संभव की गर्लफ्रेंड के मामा प्रवीण उडानी और मृतक के बीच हुए झगड़े को भी जांच का प्रमुख बिंदु बनाया गया। इसके साथ ही संभव के मोबाइलों की कॉल डिटेल भी पुलिस खंगालेगी। शनिवार को गर्लफ्रेंड से मिलने बिठूर गया था शनिवार को संभव अपनी दोस्त सुहाना से मिलने उसके मामा प्रवीण के बिठूर स्थित रुद्रा अपार्टमेंट गया था और शाम चार बजे के आसपास छठवीं मंजिल से गिरकर उसकी मौत हो गई थी। सुहाना ने संभव के परिजन और पुलिस को बताया था कि 10 साल के छोटे भाई के साथ गेंद खेलते हुए संभव बालकनी तक पहुंच गया था और वहीं दीपक का तेल फैला हुआ था, जिसमें पैर फिसलने से संभव बालकनी से नीचे जा गिरा था। पुलिस प्रवीण, उसकी बहन, भांजी सुहाना और भांजे से दो दिन में करीब 40 सवाल कर चुकी है, लेकिन मामला हादसे से आगे नहीं बढ़ सका। बुधवार देर रात कागज कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पिता ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे का एक महीने पूर्व प्रवीण से विवाद हुआ था, जिस पर प्रवीण ने बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी थी। कागज कारोबारी का आरोप था कि बेटे के मोबाइल से छेड़छाड़ की गई। इसके अलावा घटना के बाद गर्लफ्रेंड के घरवालों ने अलग-अलग बातें बताईं। पिता ने वाट्सएप चैट डिलीट करने का आरोप लगाया था। होटल जाने को लेकर हुआ था विवाद, भेजा था ‘डोंट कम’ मैसेज पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि संभव उस दिन गर्लफ्रेंड के साथ होटल जाना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी वजह से उसने संभव को वाट्सएप पर ‘डोंट कम’ का मैसेज भेजा था। डीसीपी के मुताबिक, दोनों सामान्य तौर पर मिलते-जुलते थे और साथ समय बिताते थे। उस दिन मना करने के बावजूद संभव उससे मिलने उसके फ्लैट पर पहुंच गया था। अब इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस संभव की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी? गर्लफ्रेंड ने ‘डोंट कम’ का मैसेज भेजने के बाद चैट क्यों डिलीट की? क्या मोबाइल से वास्तव में छेड़छाड़ हुई थी? घटना के समय फ्लैट में मौजूद लोगों के बयानों में अंतर क्यों है? एक महीने पहले दी गई कथित धमकी का घटना से कोई संबंध है? छठवीं मंजिल से गिरने की परिस्थितियों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के निष्कर्षों में क्या संबंध है?

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User