हरदोई में ट्रक की टक्कर से बाइक-सवार युवक की मौत:दोस्त घायल; हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भागा
हरदोई जनपद में पिहानी कोतवाली क्षेत्र के पंडरवा गांव के पास गुरुवार शाम करीब 4:30 ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइकसवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पिहानी सीएचसी पहुंचाया गया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान देर शाम उसने दम तोड़ दिया। युवक की असमय मौत से दहेलिया गांव और परिवार में कोहराम मच गया है। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। जानकारी के अनुसार, दहेलिया निवासी मुज्जन (20) पुत्र बाबू गुरुवार शाम अपने दोस्त अदनान (20) पुत्र रिजवान के साथ बाइक पर सवार होकर पिहानी बाज़ार से गांव लौट रहे थे। जैसे ही दोनों पंडरवा किला गांव स्थित कन्या पाठशाला के पास पहुंचे, तभी जहानीखेड़ा की ओर से आ रहे ईंटों से लदे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर आसपास के लोग आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी पिहानी लाया गया। वहां से मुज्जन की नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं घायल अदनान का सीएचसी में इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, मुज्जन चार भाइयों में सबसे छोटे थे, दिल्ली में सिलाई का काम करते थे। वह दिवाली से पहले गांव आए थे। कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि मृतक के भाई मोहम्मद अहमद पुत्र बाबू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश व अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)