अंबेडकरनगर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:डीएम ईशा प्रिया ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ; 1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान
अम्बेडकरनगर में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में गुरूवार से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान-2026 शुरू हो गया। अभियान एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। गुरुवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली और प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने और मच्छरों की रोकथाम के लिए जरूरी उपाय करने की अपील की। साथ ही बुखार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर संबंधित व्यक्ति को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार दिलाने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने कहाकि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम करें। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के हाईरिस्क इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर पानी की निकासी, नियमित साफ-सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव प्रभावी ढंग से कराया जाए। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताएंगी। लोगों को मच्छरों से बचाव, साफ पानी के इस्तेमाल, स्वच्छता और बीमारी के लक्षणों की पहचान के बारे में जागरूक किया जाएगा। प्रचार वाहनों के जरिए भी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। डीएम ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। घर के आसपास पानी जमा न होने दें और बीमारी के लक्षण दिखने पर लापरवाही न बरतें। इस मौके पर सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार, सीडीओ वैभव मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)