अर्जुन अवार्डी हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल का गाजीपुर में सम्मान:प्रभारी मंत्री ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न, 51 हजार रुपए का चेक सौंपा

Nov 18, 2026 - 19:53
0
अर्जुन अवार्डी हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल का गाजीपुर में सम्मान:प्रभारी मंत्री ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न, 51 हजार रुपए का चेक सौंपा
गाजीपुर के हॉकी खिलाड़ी और अर्जुन अवार्डी राजकुमार पाल का बुधवार को सम्मान किया गया। राइफल क्लब सभागार में दोपहर करीब 4 बजे आयोजित समारोह में प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट किए। जिला खेल विकास प्रोत्साहन समिति की ओर से 51 हजार रुपये का चेक भी दिया गया। समारोह में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। गाजीपुर के पहले अर्जुन पुरस्कार विजेता बने राजकुमार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 13 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया था। वह यह पुरस्कार पाने वाले गाजीपुर के पहले खिलाड़ी हैं। राजकुमार पाल पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थे। ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उन्होंने शूटआउट के दौरान निर्णायक गोल किया था। वह एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में भी शामिल रहे हैं। गांव के हॉकी स्टेडियम से शुरू हुआ सफर करमपुर गांव के रहने वाले राजकुमार पाल ने वर्ष 2008 में हॉकी खेलना शुरू किया था। उनके खेल सफर की शुरुआत गांव के मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम से हुई। अर्जुन पुरस्कार से पहले उत्तर प्रदेश सरकार उन्हें लक्ष्मण पुरस्कार से भी सम्मानित कर चुकी है। मंत्री बोले- युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं राजकुमार समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि राजकुमार पाल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से गाजीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। अर्जुन पुरस्कार और ओलंपिक पदक हासिल करना जिले के लिए गर्व की बात है। सरकार खेलों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से राजकुमार पाल के संघर्ष, मेहनत और अनुशासन से प्रेरणा लेने की अपील की। राजकुमार बोले- सम्मान से आगे बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी राजकुमार पाल ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2008 से हॉकी खेलना शुरू किया था। खेल के सफर में अनुशासन की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सम्मान के लिए प्रभारी मंत्री, जिला प्रशासन और गाजीपुर की जनता का आभार जताया। कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। वह आने वाली पीढ़ी को भी हॉकी के प्रति प्रोत्साहित करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User