औद्योगिक बदहाली पर भड़के उद्यमी, डीएम को सौंपा ज्ञापन:भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में बिजली, सड़क, जलभराव और सुरक्षा की समस्याएं उठाईं

Sep 29, 2026 - 16:20
0
औद्योगिक बदहाली पर भड़के उद्यमी, डीएम को सौंपा ज्ञापन:भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में बिजली, सड़क, जलभराव और सुरक्षा की समस्याएं उठाईं
बांदा जिले में औद्योगिक क्षेत्रों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर उद्यमियों का गुस्सा सामने आया है। जिला औद्योगिक विकास संगठन के पदाधिकारियों और उद्यमियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भूरागढ़ और पुलिस लाइन स्थित औद्योगिक आस्थान की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। उद्यमियों ने आरोप लगाया कि उद्योग बंधु की बैठकों में जिलाधिकारी की ओर से दिए गए निर्देशों के बावजूद संबंधित विभागों के स्तर पर समस्याओं का प्रभावी निस्तारण नहीं हो रहा है। उद्यमियों ने बताया कि भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की अनियमित कटौती से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। कई बार बिजली बाधित होने से औद्योगिक इकाइयों का काम रुक जाता है। क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और पक्की नालियां भी नहीं हैं। झाड़ियों की वजह से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। उद्यमियों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त भी पर्याप्त नहीं है। बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। उद्यमियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें जर्जर और संकरी हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है। इससे उद्योगों तक माल लाने-ले जाने में भी परेशानी होती है। ज्ञापन में भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के कई भूखंडों से जुड़ी फाइलों के लंबे समय से लंबित होने का मुद्दा भी उठाया गया। उद्यमियों के मुताबिक कुछ फाइलें कानपुर क्षेत्रीय कार्यालय और मुख्य कार्यपालक स्तर पर लंबित हैं। उनका कहना है कि इससे नए निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को गति नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा जल निगम (शहरी और ग्रामीण) की ओर से धनराशि स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य कई महीनों से अधूरा पड़ा होने की शिकायत की गई। संगठन ने इन सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने की मांग की है। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता और महामंत्री सर्वेश कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि समस्याओं पर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो उद्यमी उत्पादन रोककर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन के दौरान संगठन के संरक्षक संतोष गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सईद अहमद, नागेंद्र सिंह लाला, रामराजा उपाध्याय, आलोक शिवहरे, लल्लू रामवर्मा और आशीष गुप्ता समेत अन्य उद्यमी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User