अवंतीबाई अस्पताल में बेबी शो कार्यक्रम:नव्या और कियारा बनीं अव्वल प्रतिभागी, डॉक्टरों ने दिया बेहतर पोषण संदेश
लखनऊ के वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय में 1 अक्टूबर को बेबी शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और समुचित विकास को लेकर अभिभावकों को जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ अस्पताल की एसआईसी डॉ. ज्योति मेहरोत्रा और सीएमएस डॉ. रंजना प्रसाद ने किया। इस दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान और डॉ. फैजान अहमद भी मौजूद रहे। बेबी शो में बच्चों को दो आयु वर्गों में शामिल किया गया। पहले वर्ग में 6 महीने से कम उम्र के बच्चे और दूसरे वर्ग में 6 महीने से 5 साल तक के बच्चों को रखा गया। डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का मूल्यांकन शारीरिक वृद्धि, वजन, टीकाकरण की स्थिति, पोषण, साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता के आधार पर किया। 6 महीने से कम उम्र के बच्चों की श्रेणी में नव्या रस्तोगी ने पहला, भावेश ने दूसरा और प्रतिष्ठा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 6 महीने से 5 साल की श्रेणी में कियारा गुप्ता प्रथम, हया नूर द्वितीय और देवांश तृतीय स्थान पर रहे। विजेता बच्चों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान डॉ. फैजान अहमद ने विजेता बच्चों और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के खान-पान, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता और उचित देखभाल के प्रति जागरूक किया। डॉ. ज्योति मेहरोत्रा और डॉ. रंजना प्रसाद ने भी बच्चों के स्वास्थ्य पर नियमित ध्यान देने की अपील की। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों में बच्चों के स्वस्थ विकास को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)