भाकियू ने किसानों की समस्याओं पर आवाज उठाई:गांव-गांव जनजागरण अभियान शुरू कर कई मुद्दों पर चर्चा की, संगठन मजबूत करने का संकल्प
सम्भल में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ ने गांव-गांव जनजागरण अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में गुरुवार को 2 बजे चंदायन गांव में आयोजित बैठक में किसानों की समस्याओं के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए गांव स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों और युवाओं को संगठन से जोड़ना तथा ब्लॉक, तहसील और ग्राम स्तर की कार्यकारिणियों को सक्रिय करना है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाएं, तभी उनका प्रभावी ढंग से समाधान कराया जा सकेगा।
कार्यकर्ताओं से किसानों के बीच लगातार संपर्क रखने और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। बैठक में किसानों ने आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान, एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर गांवों के चिन्हित बोर्ड लगाने, रहस्यमयी बुखार की रोकथाम के लिए छिड़काव, राशन कार्ड और आवास जैसी योजनाओं में पारदर्शिता समेत कई मुद्दे उठाए। इसके अलावा गन्ने का उचित मूल्य और समय से भुगतान, बिजली, सिंचाई, खाद-बीज, रेल विस्तारीकरण तथा सरकारी विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
जिला प्रभारी सुभाष चाहल ने कहा कि किसानों की समस्याओं को केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अधिकारियों से वार्ता, धरना-प्रदर्शन समेत लोकतांत्रिक तरीकों से आवाज उठाई जाएगी। बैठक के दौरान संगठन विस्तार भी किया गया। सईद अहमद और महबूब को ग्राम सचिव, महमूद को ग्राम प्रभारी तथा वकार को ग्राम महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में चौ. ऋषिपाल सिंह, गौरव सेहरावत, इस्माइल खां, सुफियान पाशा, सेवक सैनी, राजीव कुमार, मेंहदी हसन, मो. अमान, धीरेन्द्र त्यागी, नरेन्द्र चौधरी, मो. हसन समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)