अयोध्या कैंट छावनी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से दहशत:वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी,जवानों और स्थानीय लोगों को किया जागरूक
अयोध्या के सैन्य छावनी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग और सेना ने सतर्कता बढ़ा दी है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। वहीं, सैन्य क्षेत्र के सीसीटीवी और कमान सेंटर की मदद से तेंदुए की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। डीएफओ प्रखर गुप्ता ने बताया कि छावनी क्षेत्र में तैनात जवानों और स्थानीय लोगों को तेंदुए से बचाव को लेकर जागरूक किया गया है। खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से कहा गया है कि सूर्यास्त के बाद अकेले बाहर न निकलें। मॉर्निंग और इवनिंग वॉक पर भी समूह में ही जाएं। झाड़ियों के कारण कैमरा ट्रैप में नहीं आ रही स्पष्ट तस्वीर तेंदुए की निगरानी के लिए अलग-अलग स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। हालांकि झाड़ियों के कारण कैमरा ट्रैप में तेंदुए की स्पष्ट तस्वीर नहीं आ पा रही है। ऐसे में सैन्य क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और कमान सेंटर की मदद ली जा रही है। वन विभाग ने अपना सूचना तंत्र भी सक्रिय कर दिया है। डीएफओ के मुताबिक वीडियो में दिखाई दे रहा तेंदुआ सब-एडल्ट यानी युवा है। यह उम्र में छोटा और स्वभाव से शर्मीला होता है। अब तक के रिकॉर्ड में तेंदुए द्वारा किसी इंसान या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की जानकारी नहीं है। रात में गोवंश को सुरक्षित रखने की सलाह वन विभाग ने पशुपालकों को छोटे बछड़ों समेत गोवंश को रात में सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की सलाह दी है। डीएफओ ने बताया कि नदी में उफान के दौरान गोंडा क्षेत्र की ओर से तेंदुए के आने की संभावना रहती है। जलस्तर कम होने के बाद उसके वापस प्राकृतिक क्षेत्र में लौटने की संभावना है। फिलहाल वन विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं। लोगों से तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)