बाइक सवारों ने ट्राला रुकवाया लूट कर फरार हो गए:सिकंदरा में ट्राला चालक से मारपीट कर 93 हजार की रोकड़ ले जाने का आरोप

Sep 29, 2026 - 21:14
0
बाइक सवारों ने ट्राला रुकवाया लूट कर फरार हो गए:सिकंदरा में ट्राला चालक से मारपीट कर 93 हजार की रोकड़ ले जाने का आरोप
कानपुर देहात के सिकंदरा कस्बे में मंगलवार शाम करीब 7 बजे ट्राला चालक के साथ मारपीट कर 93 हजार रुपये की रोकड़ ले जाने का मामला सामने आया है। चालक का आरोप है कि राजपुर रोड स्थित प्रिन्सी ट्रेडर्स के सामने करीब आधा दर्जन बाइक सवार लोगों ने ट्राला रुकवाया और उसके साथ मारपीट करने के बाद वाहन में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, थाना प्रभारी ने प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध बताया है। दरअसल, सिकंदरा कस्बे के पटेल चौक से निकलने के बाद ट्राला चालक सौरभ यादव राजपुर रोड स्थित प्रिन्सी ट्रेडर्स के सामने पहुंचा था। सौरभ के मुताबिक, इसी दौरान करीब आधा दर्जन मोटरसाइकिल सवार लोगों ने उसे गाली-गलौज करते हुए ट्राला रोकने के लिए कहा। आरोप है कि ट्राला रुकते ही बाइक सवार लोग चालक की खिड़की के पास पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। चालक का कहना है कि इसी दौरान आरोपित बाइक सवार ट्राला में रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। सौरभ यादव के मुताबिक, वह छिबरामऊ से मौरंग बेचकर वापस लौट रहा था। मौरंग बिक्री के करीब 63 हजार रुपये और पहले से रखी लगभग 30 हजार रुपये की रकम मिलाकर ट्राला में कुल 93 हजार रुपये थे। घटना की जानकारी चालक ने वाहन मालिक दीपू सिंह को दी। सूचना मिलते ही वाहन मालिक मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने चालक सौरभ यादव और परिचालक साजन के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सिकंदरा थाना प्रभारी निरीक्षक सुधाकर सिंह का कहना है कि घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रही है। हालांकि, मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User