बांदा में रंजिश में आधी रात को बवाल:5 युवकों को घेरकर लाठी-डंडों और रॉड से पीटा; 5 दिन पहले खरीदी गई कार भी तोड़ी

Nov 19, 2026 - 14:11
0
बांदा में रंजिश में आधी रात को बवाल:5 युवकों को घेरकर लाठी-डंडों और रॉड से पीटा; 5 दिन पहले खरीदी गई कार भी तोड़ी
शहर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने कार सवार पांच युवकों को बीच सड़क पर घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। इस दौरान हमलावरों ने पांच दिन पहले ही खरीदी गई नई स्विफ्ट कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया। मारपीट में पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित दर्जनों लोगों ने मर्दन नाका चौकी पहुंचकर घेराव किया, जिसके बाद कई चौकियों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पेट्रोल भरवाकर लौटते समय टावर के पास घेरा घटना मर्दन नाका चौकी के पास स्थित बीएसएनएल टेलीफोन टावर के सामने की है। पीड़ित शाबान पुत्र जाहिद (निवासी लाहौर तलैया, मर्दन नाका) ने बताया कि वह अपने चार अन्य साथियों के साथ नई स्विफ्ट कार में पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर हरदौल तलैया स्थित अपने घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पहले टेलीफोन टावर के पास एक युवक ने सामने आकर उनकी कार रोकने की कोशिश की। जब उन्होंने कार लेकर वहां से निकलने का प्रयास किया, तभी एक हमलावर ने पीछे के शीशे पर लोहे की रॉड दे मारी। कार से उतरते ही एक दर्जन से अधिक लोगों ने बोला हमला शीशा टूटने के बाद जैसे ही पांचों युवक कार से नीचे उतरे, वहां मौजूद करीब एक दर्जन से ज्यादा हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर जुटे राहगीरों ने किसी तरह बीच-बचाव कर युवकों की जान बचाई। इस दौरान राहगीरों ने मारपीट और कार में तोड़फोड़ की पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। पीड़ित शाबान के मुताबिक, आरोपियों से उनकी मामूली पुरानी रंजिश चल रही थी और उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। चौकी का घेराव होने पर पहुंची तीन चौकियों की फोर्स वारदात के बाद घायल युवकों के साथ दर्जनों की संख्या में स्थानीय लोग मर्दन नाका चौकी पहुंच गए और घेराव करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्दन नाका के साथ-साथ खाईपार और कालवनगंज चौकी की पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने घायलों से तहरीर लेकर उन्हें शहर कोतवाली भेजा, जहां से सभी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश घटना के बाद मर्दन नाका चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चिह्नित किए गए आरोपियों के घरों पर दबिश भी दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User