बच्चों को यौन अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया:आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में बताया गया, स्पेशल जज विनीता विमल ने दी जानकारी
इटावा में विधिक जागरूकता अभियान के तहत ज्ञानस्थली विद्यालय करवाखेड़ा और पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल मानिकपुर मोड़ में सोमवार दोपहर 12 बजे छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012 और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बच्चों को यौन अपराधों से बचाव, गुड टच-बैड टच और असहज स्थिति में मदद लेने के बारे में बताया गया। करवाखेड़ा स्थित ज्ञानस्थली विद्यालय में प्रार्थना सभा के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय समिति के अध्यक्ष शिवप्रसाद यादव और मुख्य अतिथि स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट विनीता विमल ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया। अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के बारे में जागरूक करने का आग्रह किया। बच्चों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी मुख्य अतिथि विनीता विमल ने बच्चों को पॉक्सो एक्ट की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को देश का भविष्य कहा जाता है। उनके सुरक्षित और स्वस्थ विकास के लिए सुरक्षित वातावरण जरूरी है। बाल यौन शोषण जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए भारत सरकार ने 14 नवंबर 2012 को पॉक्सो अधिनियम लागू किया। यह कानून बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें यौन उत्पीड़न से बचाने के लिए कानूनी सुरक्षा देता है। उन्होंने कहा कि पॉक्सो एक्ट केवल एक कानून नहीं, बल्कि समाज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को सुरक्षित माहौल देने के लिए केवल पुलिस या अदालतें पर्याप्त नहीं हैं। माता-पिता, शिक्षक और समाज के हर नागरिक को जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए इस विषय पर खुलकर बात करना और अपराधियों में कानून का डर होना जरूरी है। पान कुंवर स्कूल में भी जागरूकता पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल, मानिकपुर मोड़ ग्वालियर बायपास में भी सोमवार को विधिक साक्षरता दिवस पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सिविल जज सीनियर डिवीजन,फास्ट ट्रैक कोर्ट अभिषेक कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012 और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। गुड टच बैड टच समझाया सिविल जज अभिषेक कुमार सिंह ने बच्चों को सरल भाषा में गुड टच और बैड टच का अंतर समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के अनुचित व्यवहार या असहज स्थिति को छिपाना नहीं चाहिए। ऐसी स्थिति में माता-पिता और शिक्षकों से खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को सजग रहने और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी बच्चों को आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100, 112 और 1098 की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने न्यायिक टीम का आभार जताते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ कानूनी जागरूकता भी विद्यार्थियों के लिए जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाते हैं। शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद ज्ञानस्थली विद्यालय के कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति प्रमुख शिवमंगल, ज्ञानस्थली ग्रुप ऑफ स्कूल्स के स्पोर्ट डायरेक्टर वासिफ खान, वित्त विभाग प्रमुख नीरज त्रिपाठी और विद्यालय परिवार के शिक्षक मौजूद रहे। वहीं पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स श्याम सुंदर व शिवदीप, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। ज्ञानस्थली विद्यालय में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)