बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन:मिर्जापुर में कार्डियोलॉजिस्ट-नेफ्रोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग
मिर्जापुर जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर रोक और मंडलीय चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में कार्डियोलॉजिस्ट व नेफ्रोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग को लेकर गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार संरक्षण के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय एवं जिलाध्यक्ष जयप्रकाश सेठ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी और सीएमओ को मांगपत्र सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज एवं मंडलीय चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर करने, आउटसोर्सिंग फर्म का टेंडर निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट करने तथा जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी सेंटरों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही नगर के भैरव नेत्र चिकित्सालय को आम जनता के उपचार के लिए शीघ्र खोलने की मांग की गई। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने कहा कि मंडलीय चिकित्सालय और ट्रामा सेंटर में हृदय रोग विशेषज्ञ तथा नेफ्रोलॉजिस्ट की नियुक्ति नहीं होने से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। चेतावनी दी कि शीघ्र विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हुई तो सांसद अनुप्रिया पटेल के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। जिलाध्यक्ष जयप्रकाश सेठ ने जिले में अवैध अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों के संचालन पर सवाल उठाते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। इस पर सीएमओ डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा ने भैरव नेत्र चिकित्सालय को शीघ्र आम जनता के लिए खोलने तथा अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में आजाद आलम, जियाउद्दीन अंसारी, राजेश श्रीवास्तव, डॉ. रामनाथ बिंद, वसीम अहमद, संतोष मिश्रा, जय बहादुर प्रजापति, रत्नेश विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)