कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में नोटिस चस्पा:KDA की कार्रवाई पर लोगों ने किया हंगामा, 1 दिसंबर को जवाब देने का अल्टीमेटम
कानपुर के पटकापुर की घनी आबादी में स्थित राधिका अपार्टमेंट में गुरुवार को केडीए की टीम ने नोटिस चस्पा किया है। प्राधिकरण की इस कार्रवाई की भनक लगते ही अपार्टमेंट में रहने वाले और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और नोटिस चस्पा किए जाने के विरोध में हंगामा किया। प्राधिकरण के जोन-1ए की ओर से राधिका अपार्टमेंट में उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27(1) के तहत नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में करीब 105 वर्गमीटर के भूखंड पर बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण किए जाने का उल्लेख है। 1 दिसंबर को जवाब देने का अल्टीमेटम केडीए के विहित प्राधिकारी कार्यालय से 17 नवंबर को जारी नोटिस में बिल्डर मोहित तिवारी समेत अन्य को पक्ष रखने के लिए तलब किया गया है। मकान नंबर 19/74ए राधिका अपार्टमेंट की जांच में निर्माण के लिए स्वीकृत मानचित्र नहीं मिला है। साथ ही निर्माण को आवासीय श्रेणी का बताया गया है। नोटिस में निर्माण कार्य शुरू होने की तारीख 16 नवंबर 2026 और निरीक्षण की तारीख 17 नवंबर 2026 दर्ज है। केडीए ने संबंधित लोगों को 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे कार्यालय में अपना पक्ष रखने और लिखित जवाब देने के निर्देश दिए हैं। नोटिस का जवाब न देने पर होगी कार्रवाई प्राधिकरण ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति निर्माण करना अधिनियम का उल्लंघन है। निर्धारित समय पर जवाब नहीं देने या संतोषजनक पक्ष नहीं रखने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है। नोटिस में अवैध निर्माण के संबंध में आर्थिक दंड और अन्य कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। पटकापुर में संकरी गलियों के बीच मानकों को दरकिनार कर बहुमंजिला इमारतें खड़ी किए जाने का मामला लगातार सामने आ रहा है। राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से दो लोगों की मौत के बाद अब ऐसे भवनों की वैधता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और केडीए की संयुक्त टीमें शहर के अवैध निर्माणों और मानक विहीन बिल्डिंगों की जांच में जुटी हुई हैं। खबर अपडेट की जा रही है…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)