बदलते मौसम का असर, सर्दी-जुकाम; बुखार के मरीज बढ़े:टाइफाइड ने बढ़ाई चिंता, CHC में 700 की ओपीडी
अयोध्या में तीन दिन की बारिश के बाद सोमवार 28 सितंबर को मौसम साफ होते ही अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई। कुमारगंज के सौ शैय्या संयुक्त अस्पताल में सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी करीब 700 पहुंच गई। इनमें सबसे ज्यादा मरीज सर्दी-जुकाम, बुखार और टाइफाइड से पीड़ित मिले। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गणेश लाल ने बताया कि तीन दिनों तक हुई तेज बारिश के बाद सोमवार को अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी है। खासकर बड़ी संख्या में बच्चे सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे। सभी मरीजों की जांच के बाद आवश्यकतानुसार उपचार किया जा रहा है। दवा का पूरा कोर्स करना चाहिए डॉ. प्रशांत वर्मा ने बताया कि इन दिनों जांच में टाइफाइड के मरीज भी सामने आ रहे हैं। अस्पताल की विभिन्न पैथोलॉजी जांच सुविधाओं में प्रतिदिन करीब 3,000 जांच की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि टाइफाइड का संक्रमण दूषित पानी और भोजन से होने का खतरा रहता है। इसलिए लोगों को स्वच्छ पानी पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लगातार बुखार रहने पर चिकित्सकीय सलाह लेकर जांच करानी चाहिए और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवा का पूरा कोर्स करना चाहिए। अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवि पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज बढ़े हैं। चिकित्सकों को मरीजों की स्थिति के अनुसार उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल में आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)