बेटे को मारने के लिए पीछा करने का आरोप:सहारनपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली रोककर दी धमकी, विधवा मां बोली-हमें लड़ाई नहीं, बच्चों की सुरक्षा चाहिए
सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव टाबर की रहने वाली विधवा कुसुम बुधवार दोपहर दो बजे सहारनपुर पुलिस लाइन पहुंची। उसने गांव के कुछ लोगों पर अपने बेटे को जान से मारने की धमकी देने, पीछा करने और रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली रोककर हमला करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। पीड़िता ने एसएसपी से परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुसुम ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के सुरेंद्र की बेटी करीब तीन-चार साल पहले एक रिश्तेदार युवक के साथ चली गई थी। इस मामले में न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि सुरेंद्र लगातार उसकी बेटी के घर से चले जाने के मामले में कुसुम के बेटे काका उर्फ आदित्य पर आरोप लगाता रहता है। कुसुम का कहना है कि उसका घेर सुरेंद्र के मकान के सामने है। आरोप है कि सुरेंद्र उसके घेर में आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखता है। पीड़िता के मुताबिक, 30 अगस्त की रात की घटना बताते हुए सुरेंद्र ने काका समेत छह लोगों के खिलाफ 3 सितंबर को नकुड़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। कुसुम का कहना है कि मुकदमे में नामजद सभी आरोपियों की जमानत हो चुकी है। इसके बाद विपक्षी उसके बेटों को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं। कुसुम ने बताया कि एक-दो दिन पहले उसका बेटा काका ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी भरकर किराये के काम से यमुनानगर हरियाणा जा रहा था। आरोप है कि विपक्षी मोटरसाइकिलों और ऑल्टो कार से उसका पीछा करने लगे। दोपहर करीब तीन बजे शाहजहांपुर से आगे यमुना नदी से पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया गया। आरोप है कि काका के साथ गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। विरोध करने पर हमलावर होने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर पहुंचे राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। कुसुम ने कहा कि घटना के बाद उसका बेटा डरा हुआ है। उसने कहा, हम लड़ाई या झगड़ा नहीं चाहते। बस हमारे बच्चों को सुरक्षित रखा जाए और जो लोग पीछे पड़े हैं, उन्हें रोका जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)