बघेला नाला में बाढ़ से धान की फसल डूबी:महराजगंज में नेपाल में बारिश के बाद कई गांवों के खेत जलमग्न, नुकसान की आशंका

Sep 30, 2026 - 12:50
0
बघेला नाला में बाढ़ से धान की फसल डूबी:महराजगंज में नेपाल में बारिश के बाद कई गांवों के खेत जलमग्न, नुकसान की आशंका
महराजगंज नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बघेला नाला उफान पर आ गया है। नाले में बढ़े जलस्तर के कारण आसपास के कई गांवों के खेतों में पानी भर गया है। धान की तैयार होती फसल जलमग्न होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों को आशंका है कि यदि पानी जल्द नहीं निकला तो धान की बालियों में दाना प्रभावित हो सकता है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार नौतनवा ब्लॉक के सीमावर्ती गांव रेहरा के पास नेपाल से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले बघेला नाला का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। नाले का पानी आसपास के खेतों में फैलने से धान की फसल पानी में डूब गई है। कई स्थानों पर धान की बालियां पानी में डूबी हुई दिखाई दे रही हैं। बघेला नाला के समीप बसे रेहरा, मुहानी, बेलभार, मनिकौरा, शंकरपुर, सेमुआभानी, शिवपुरी, विष्णुपुर, परसाभरटोलिया और लक्ष्मीपुर समेत कई गांवों के सिवान में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दिनों में नाले का पानी खेतों में पहुंचने की समस्या लगातार बनी रहती है। क्षेत्रीय किसान जयकिशुन यादव, अनिल कुमार पासवान, महबूब अली, गतिराम साहनी और रामबचन यादव समेत अन्य किसानों का कहना है कि मानसून आने से पहले नाले की सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि नाले में गाद और झाड़ियां जमा होने से पानी का बहाव धीमा है, जिससे खेतों में लंबे समय तक जलभराव बना रहता है। किसानों ने प्रशासन से नाले की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि खेतों में जमा पानी जल्द निकल सके और धान की फसल को और नुकसान से बचाया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User