भाजपा ने अशोक कुमार राठौर को बनाया MLC प्रत्याशी:इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट से लड़ेंगे चुनाव, मार्च में जिला उपाध्यक्ष बने थे
भाजपा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की। इसमें इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उरई निवासी अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी बनाया गया है। 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने छह नए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं, जिसमें अशोक राठौर का नाम भी शामिल है। शिक्षा और शिक्षक संगठनों से जुड़े रहे अशोक कुमार राठौर मूल रूप से जालौन के उरई के रहने वाले हैं। वह एसआर ग्रुप उरई के प्रबंधक और शिक्षक नेता के रूप में सक्रिय रहे हैं। वह पहले इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भी चुनाव लड़ चुके हैं। 2023 के शिक्षक एमएलसी चुनाव में उन्होंने नामांकन किया था और बाद में भाजपा प्रत्याशी डॉ. बाबूलाल तिवारी के समर्थन में चुनाव से हटने की घोषणा की थी। 2023 में भाजपा में शामिल हुए थे अशोक राठौर जनवरी 2023 में भाजपा में शामिल हुए थे। उस समय उन्होंने वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के सम्मान समेत शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से मिले आश्वासनों का उल्लेख किया था। भाजपा संगठन में भी निभा रहे जिम्मेदारी राठौर को मार्च 2026 में भाजपा का जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। इससे पहले 2025 में उन्हें भाजपा के शिक्षक प्रकोष्ठ के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी। शिक्षक राजनीति से सक्रिय राजनीतिक क्षेत्र में आने के बाद वह पार्टी संगठन में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वित्तविहीन शिक्षकों के मुद्दे उठाते रहे अशोक राठौर लंबे समय से वित्तविहीन शिक्षकों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। वह माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। 2023 में शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान भी वह इसी संगठन से जुड़े प्रत्याशी के तौर पर मैदान में थे। अब स्नातक सीट से चुनाव मैदान में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर भाजपा ने अब अशोक कुमार राठौर को मैदान में उतारा है। इस सीट के मौजूदा सदस्य डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल समाप्त होने के कारण चुनाव हो रहा है। मतदान 23 अक्टूबर और मतगणना 27 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)