भाजपा-सपा सहित 11 प्रत्याशियों ने लिए नामांकन पत्र:आगरा मंडलायुक्त कार्यालय में नामांकन की प्रक्रिया शुरू
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। कमिश्नरी स्थित न्यायालय आयुक्त कक्ष संख्या-4 में पहले दिन भाजपा-सपा सहित 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिए। इसमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 7 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 4 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म के 33 सेट प्राप्त किए।
मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल और अपर आयुक्त राजेश कुमार की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। अधिकारियों ने नामांकन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिक्षक सीट पर इन्होंने लिए नामांकन पत्र
पहले दिन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सपा प्रत्याशी डा. प्रकाश चंद्र सहित भोज कुमार शर्मा, अंबेडकरी हसनू राम, दिलीप कुमार, राहुल पाराशर, मो. वसीम और शैलेन्द्र मोहन मिश्रा ने नामांकन पत्र लिए। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन की 2 तस्वीरें… स्नातक सीट पर इन्होंने लिए नामांकन पत्र इस सीट के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी डा. मानवेंद्र प्रताप, अम्बरीश पाल सिंह, अंबेडकरी हसनू राम और डॉ. रूमा कुमारी ने नामांकन फार्म प्राप्त किया।
23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी। नामांकन 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जा सकेगा। सामान्य वर्ग के उम्मीदवार के लिए जमानत राशि 10 हजार रुपये और एससी/एसटी उम्मीदवार के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित है।
12 जिलों में होगा चुनाव
आगरा खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस, औरैया और कन्नौज जिले शामिल हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 27 मतदान केंद्र और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 46 मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं। बिचपुरी और कटरा बजीर खां मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या मानक से अधिक होने के कारण एक-एक सहायक मतदेय स्थल बनाने की प्रस्तावना की गई है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जूनियर हाईस्कूल नगर निगम बजीरपुरा का भवन जर्जर होने के कारण उसी मतदान क्षेत्र में स्थित सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज, बजीरपुरा रोड को नया मतदान केंद्र बनाने की प्रस्तावना की गई है। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधार चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)