चंदौली के मुगलसराय डीडीयू जंक्शन पर 43 लाख रुपए बरामद:ट्रेन में युवक के बैग से मिली हवाला की रकम, दिल्ली ले जा रहा था
चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में गुरुवार रात डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से 43 लाख रुपए की नकदी बरामद की। रकम एक युवक के बैग से मिली। पुलिस के अनुसार, युवक के पास इतनी बड़ी रकम ले जाने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। जीआरपी ने मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को दी, जिसके बाद टीम ने नकदी को सीज कर लिया। सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह के अनुसार, सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस पटना से नई दिल्ली जा रही थी। रात में डीडीयू जंक्शन पर चेकिंग के दौरान एक युवक संदिग्ध नजर आया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके बैग से 43 लाख रुपए नकद बरामद हुए। युवक की पहचान आलोक शाह के रूप में हुई। मुजफ्फरपुर का रहने वाला है युवक पुलिस के अनुसार, आलोक शाह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पटना से नई दिल्ली पैसे लेकर जा रहा था। युवक ने पुलिस को यह भी बताया कि रकम हवाला से जुड़ी है। हालांकि, नकदी के संबंध में उसके पास कोई वैध कागजात नहीं मिले। 10 लाख पहुंचाने पर 10 हजार कमीशन मिलने की बात पूछताछ में आलोक ने कथित तौर पर बताया कि उसे रकम पहुंचाने के बदले कमीशन मिलता है। उसने 10 लाख रुपए पहुंचाने पर 10 हजार रुपए कमीशन मिलने की बात कही। पुलिस अब उसके बताए तथ्यों और रकम के स्रोत की जांच कर रही है। मोबाइल और संपर्कों की जांच में जुटी पुलिस पुलिस युवक के मोबाइल फोन और उसमें मौजूद संपर्कों की जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि बरामद रकम का वास्तविक मालिक कौन है और इसे पटना से दिल्ली में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक इससे पहले भी इस तरह की रकम कहीं पहुंचा चुका है या नहीं। इनकम टैक्स विभाग ने नकदी सीज की जीआरपी की सूचना पर इनकम टैक्स विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद 43 लाख रुपए की नकदी को सीज कर लिया। अब रकम के स्रोत, उसके वास्तविक मालिक और कथित हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई इनकम टैक्स विभाग और पुलिस की जांच के आधार पर होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)