भारी बारिश की आशंका पर सोनभद्र प्रशासन अलर्ट:नदियों-बांधों के जलस्तर और जलभराव वाले इलाकों की निगरानी, संवेदनशील इलाकों में टीमें सक्रिय

Sep 26, 2026 - 12:04
0
भारी बारिश की आशंका पर सोनभद्र प्रशासन अलर्ट:नदियों-बांधों के जलस्तर और जलभराव वाले इलाकों की निगरानी, संवेदनशील इलाकों में टीमें सक्रिय
सोनभद्र में लगातार बारिश और आगे भी भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने और क्षेत्र में भ्रमण कर जलस्तर व जलभराव की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहेंगी। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी और आपदा प्रबंधन टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने को कहा है। नदियों, नालों, जलाशयों, बांधों और अन्य संवेदनशील जल निकायों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुराने-जर्जर मकानों के गिरने, पेड़ों के धराशायी होने और जलभराव जैसी घटनाओं को लेकर भी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नदियों और बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर बाणसागर बांध से डिस्चार्ज बढ़ाए जाने की सूचना के बाद सोन नदी के जलस्तर पर विशेष निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने सोन नदी, रिहंद जलाशय और अन्य प्रमुख जलाशयों के जलस्तर की लगातार जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं। रिहंद डैम के गेट फिलहाल बंद हैं, इसके बावजूद जलस्तर की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी लगातार बारिश के कारण पुराने और जर्जर मकानों के गिरने, पेड़ों के गिरने, जलभराव और अन्य वर्षाजनित दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ऐसे संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी कर रहा है। जरूरत पड़ने पर इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी। गांवों में फील्ड कर्मचारियों से कराई जा रही जागरूकता ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान, लेखपाल, सचिव, पंचायत सहायक और अन्य फील्ड कर्मचारियों के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्रों में निकायों और फील्ड टीमों के माध्यम से लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्रशासन की टीमें बारिश से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए सक्रिय रहेंगी। नदी-नालों के पास न जाने की अपील जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी, नाले, जलधाराओं, जलाशयों और बांधों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखने को कहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि बारिश के दौरान जलधाराओं का बहाव अचानक तेज हो सकता है। किसी भी असामान्य स्थिति, जलभराव या दुर्घटना की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User