बहराइच में गड्ढे में लावारिस मिला नवजात:पुलिस ने सुरक्षित निकाला, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष ने इलाज के दिए निर्देश
बहराइच में मोतीपुर थाना क्षेत्र के झाला गांव में रविवार सुबह घर के पास बने गड्ढे में एक नवजात बालक लावारिस मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को दी। जालिमनगर चौकी प्रभारी बीपी गोंड ने बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार श्रीवास्तव को नवजात मिलने की जानकारी दी। उनके निर्देश पर नवजात को एंबुलेंस से दोपहर करीब 2 बजे महर्षि बालार्क चिकित्सालय के चाइल्ड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष सतीश कुमार श्रीवास्तव ने अस्पताल पहुंचकर नवजात की हालत देखी। उन्होंने बताया कि गोबर के पास रहने के कारण बच्चे के शरीर पर लाल दाने हो गए हैं और उसे सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने महिला चिकित्सक को नवजात की आवश्यक जांच कराने और तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष ने चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी मनीष यादव और अर्जुन प्रसाद को नवजात की देखरेख के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवजात की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो। सतीश कुमार श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति बच्चे की देखभाल करने में सक्षम नहीं है तो उसे लावारिस न छोड़ें। ऐसे बच्चों को सुरक्षित और गोपनीय तरीके से बाल कल्याण समिति को सौंपा जा सकता है, ताकि उनकी उचित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)