BHU में 7वें दिन भी छात्रों का धरना जारी:केंद्रीय कार्यालय के बाहर किया बुद्धि-शुद्धि यज्ञ, हनुमान चालीसा का किया पाठ
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। केंद्रीय कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। इस दौरान छात्रों ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों और पीएसी की तैनाती रही। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि वे पिछले सात दिनों से अपनी मांगों को लेकर लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब जानिए छात्रों ने क्या कहा…
छात्र नेता पुनीत मिश्रा ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के कुछ अधिकारी पिछले कई दिनों से छात्रों के बीच आ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय अपनी बात रखने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि छात्र अपना धरना समाप्त कर दें, लेकिन छात्र इस बार अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं। पुनीत मिश्रा ने कहा कि छात्रों पर उत्पीड़न की कार्रवाई की जा रही है और उनके खिलाफ कमेटियां गठित की जा रही हैं। उन्होंने हॉस्टल से जुड़ी सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि छात्रों को लगातार परेशान किया जा रहा है और चीफ प्रॉक्टर का रवैया भी छात्रों के प्रति ठीक नहीं है। भूख हड़ताल के बाद बुद्धि-शुद्धि यज्ञ
ABVP इकाई अध्यक्ष पल्लव ने कहा कि सोमवार को छात्रों ने सांकेतिक भूख हड़ताल भी की थी। इसके बावजूद विश्वविद्यालय का कोई बड़ा अधिकारी छात्रों से मिलने नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि एक तरफ छात्र अपनी समस्याओं और अधिकारों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ धरना स्थल पर पीएसी और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। पल्लव ने कहा कि कुलपति भी कई बार छात्रों के सामने से गुजरते हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने छात्रों से बैठकर बातचीत नहीं की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्र अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं तो उनकी समस्याओं को सुनने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन आगे क्यों नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की प्रमुख मांगों में चीफ प्रॉक्टर को तत्काल हटाना शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)