बिजली ठीक करते इलेक्ट्रिशियन की करंट से मौत:कानपुर में खंभे पर चढ़कर मरम्मत कर रहा था, 15 फीट नीचे गिरा
कानपुर में बुधवार दोपहर बिजली की मरम्मत करने खंभे पर चढ़े इलेक्ट्रिशियन की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। करंट लगने के बाद उनका संतुलन बिगड़ा और वह करीब 15 फीट नीचे सड़क पर जा गिरे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें एलएलआर अस्पताल (हैलट) लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के आनंद विहार की है। आनंद विहार निवासी अशोक कुमार (47) इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। परिवार में पत्नी श्यामा देवी और बेटियां प्रिया व प्राची हैं। परिजनों के मुताबिक, बुधवार दोपहर अशोक घर पर सो रहे थे। इसी दौरान इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और अपने घर की बिजली खराब होने की बात कहते हुए उन्हें साथ चलने के लिए कहा। मना करने के बावजूद घर से ले जाने का आरोप अशोक के साले लालू का आरोप है कि अशोक ने उस व्यक्ति के साथ जाने से मना कर दिया था। इसके बावजूद वह उन्हें अपने साथ ले गया। लालू के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति ने अशोक से बिजली की मरम्मत कराने को कहा और उन्हें टूटी सीढ़ी के सहारे बिजली के खंभे पर चढ़ा दिया। परिजनों का आरोप है कि खंभे पर चढ़कर अशोक बिजली ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। तेज झटका लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 15 फीट की ऊंचाई से सड़क पर जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हैलट में तोड़ा दम हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अशोक को तत्काल एलएलआर अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने जांच के बाद अशोक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटाई। मौत के बाद धमकाने का भी आरोप अशोक के साले लालू ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद परिवार ने संबंधित व्यक्ति से घटना के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की। आरोप है कि अशोक की मौत के बाद उसने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजकुमार राजीव कुमार सिंह ने बताया कि- प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करंट की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)