BJP छोड़कर निर्दल प्रत्याशी बने डॉ. संजयन:नामांकन के बाद भावुक होकर उतारा पार्टी का झंडा; बोले- जीतकर दिखाऊंगा

Oct 01, 2026 - 17:41
0
BJP छोड़कर निर्दल प्रत्याशी बने डॉ. संजयन:नामांकन के बाद भावुक होकर उतारा पार्टी का झंडा; बोले- जीतकर दिखाऊंगा
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में गुरुवार को डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद डॉ. संजयन त्रिपाठी ने अपनी कार पर लगा भाजपा का झंडा उतार दिया। झंडा उतारते समय वह भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू छलक आए। इस दौरान उनके साथ 100 से अधिक समर्थक मौजूद थे। समर्थकों ने उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने के फैसले का समर्थन किया। नामांकन से पहले उन्होंने निपाल क्लब में समर्थकों के साथ सभा की। इसमें बड़ी संख्या में शिक्षक और उनके समर्थक पहुंचे। टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय मैदान में उतरने का फैसला डॉ. संजयन त्रिपाठी भाजपा से शिक्षक एमएलसी के टिकट के दावेदार थे। पार्टी ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार निर्वाचित एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बाद संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। नामांकन के बाद दैनिक भास्कर से बातचीत में संजयन त्रिपाठी ने कहा कि एक निष्ठावान कार्यकर्ता की उपेक्षा से उन्हें ही नहीं, बल्कि उन तमाम कार्यकर्ताओं को भी ठेस पहुंची है, जो वर्षों से भाजपा का झंडा और बैनर लेकर संगठन के लिए काम कर रहे हैं। बोले- वर्षों की मेहनत के बाद कार्यकर्ता को उम्मीद रहती है संजयन त्रिपाठी ने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता वर्षों तक संगठन के लिए इस उम्मीद में मेहनत करता है कि कभी न कभी पार्टी उसे भी अवसर देगी। उन्होंने टिकट वितरण के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से शीर्ष नेतृत्व के सामने भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि उनके साथ बड़ी संख्या में शिक्षक और समर्थक खड़े हैं। ये लोग उनके संघर्ष और उनके काम को लंबे समय से देखते आए हैं। इन्हीं के भरोसे उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। बोले- हार-जीत का फैसला स्वीकार, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा संजयन त्रिपाठी ने कहा, "मेरे साथ उन समर्थकों का प्रेम और आशीर्वाद है, जो मुझसे सच्चा प्रेम करते हैं। दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर बड़ी संख्या में लोग मेरे नामांकन में पहुंचे हैं। इन्हीं के भरोसे मैं चुनाव मैदान में उतरा हूं।" उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत का जो भी फैसला होगा, वह उन्हें स्वीकार रहेगा। लेकिन इस लड़ाई में उनके साथ हर वह शिक्षक खड़ा है, जिसने उनका संघर्ष देखा है। उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि यह सिर्फ उनकी जीत नहीं होगी, बल्कि उनके कार्यकर्ताओं और समर्थकों की जीत होगी। नामांकन से पहले समर्थकों के साथ की सभा नामांकन दाखिल करने से पहले डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निपाल क्लब में समर्थकों के साथ सभा की। यहां बड़ी संख्या में शिक्षक और उनके समर्थक जुटे। सभा के बाद समर्थक उनके साथ कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। नामांकन के दौरान भी उनके साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। भाजपा की ओर से ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अब डॉ. संजयन त्रिपाठी के निर्दलीय मैदान में उतरने से गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। नामांकन प्रक्रिया आयुक्त न्यायालय में रिटर्निंग ऑफिसर एवं कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह की देखरेख में चल रही है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर जय प्रकाश के समक्ष दावेदारों और उनके प्रतिनिधियों को नामांकन पत्र दिए जा रहे हैं। नामांकन कक्ष के बाहर सुरक्षा नामांकन कक्ष के अंदर और बाहर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। जांच के बाद ही प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों को कक्ष में जाने दिया जा रहा है। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को खत्म हो रहा है। रिक्त सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User