प्रतापगढ़ में संचारी रोग नियंत्रण अभियान:सीएमओ बोले- संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और जागरूकता जरूरी
प्रतापगढ़ में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद ने किया। उन्होंने लोगों को स्वच्छता अपनाने और संचारी रोगों के प्रसार को रोकने की शपथ दिलाई। सीएमओ ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और जागरूकता जरूरी है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों एवं आमजन की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इसके तहत डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, जापानी इंसेफ्लाइटिस, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी। जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले दस्तक अभियान में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मच्छरों के प्रजनन स्थल समाप्त करने, घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई रखने और मच्छरदानी के प्रयोग के प्रति जागरूक करेंगी। बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराने की सलाह भी दी जाएगी। सीएमओ ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ अभियान सफल बनाने तथा जनपदवासियों से सहयोग की अपील की। इसके बाद सीएमओ ने जिला अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली चौक घंटाघर और पंजाबी मार्केट होते हुए अस्पताल परिसर में समाप्त हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग, आशा, एएनएम, नगर पालिका एवं पंचायत राज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)