LU कैलाश हॉस्टल की मेस बंद करने का आदेश वापस:निरीक्षण के लिए पहुंचे कुलपति, छात्राएं खुद करेंगी खाने की निगरानी

Oct 01, 2026 - 17:41
0
LU कैलाश हॉस्टल की मेस बंद करने का आदेश वापस:निरीक्षण के लिए पहुंचे कुलपति, छात्राएं खुद करेंगी खाने की निगरानी
लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश गर्ल्स हॉस्टल में मेस बंद करने का आदेश वापस ले लिया गया है। गुरुवार को कुलपति प्रो.जेपी सैनी ने हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान छात्राओं ने मेस बंद होने से होने वाली दिक्कतें बताईं। छात्राओं के अनुरोध पर कुलपति ने मेस बंद करने का आदेश वापस लेने के निर्देश दिए। इससे पहले बुधवार को छात्राओं के हंगामा और आधी रात तक चले धरना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेस बंद कर मेस संचालक का टेंडर रद कर दिया था। साथ ही स्टूडेंट्स को मेस फीस की वापसी के निर्देश दिए थे। स्टूडेंट्स के बीच गहरे आक्रोश के चलते गुरुवार को प्रशासनिक अफसरों के साथ कुलपति ने हॉस्टल जाकर स्टूडेंट्स से बातचीत की। छात्राएं खुद करेंगी मेस की निगरानी कुलपति ने छात्राओं से कहा कि वे मिलकर मेस का शेड्यूल तैयार करें। इसमें नाश्ता, लंच और डिनर की व्यवस्था शामिल होगी। छात्राएं मेस में भोजन बनने और सामग्री तैयार होने की प्रक्रिया की सीधे निगरानी करेंगी। इससे खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर नजर रखी जा सकेगी। भाभा हॉस्टल में छात्रों के साथ बैठकर खाना खाया इसके बाद कुलपति ने सेकेंड कैंपस स्थित होमी जहांगीर भाभा हॉस्टल पहुंचे। उन्होंने छात्रों के साथ बैठकर मेस में दोपहर का खाना खाया। इस दौरान छात्रों से पढ़ाई और हॉस्टल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। हॉस्टल के बाहर वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए बगल में पार्किंग बनाने के निर्देश दिए। जिम में सभी मशीनें चालू मिलीं कुलपति ने सेकेंड परिसर के जिम का भी निरीक्षण किया। यहां सभी मशीनें चालू मिलीं। उन्होंने जिम के फर्श पर मैट बिछाने के निर्देश दिए। साथ ही जिम के बगल में नया शेड बनाकर एक अतिरिक्त टेबल टेनिस टेबल लगाने को कहा। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो.मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि छात्र-हित को ध्यान में रखते हुए कैलाश हॉस्टल का मेस फिर शुरू किया गया है। छात्रों की सुविधाओं के लिए पार्किंग, जिम और खेल सुविधाओं में भी सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User