BJP सांसद कंगना रनोट पर FIR:सोनिया गांधी के खिलाफ पोस्ट करने पर एक्शन, हिमाचल में रिटायर्ड कैप्टन ने शिकायत की थी; गैर-जमानती धारा लगी
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर टिप्पणी पर मंडी से BJP सांसद कंगना रनोट फंसती नजर आ रही हैं। रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर शिमला पुलिस ने बालूगंज थाना में सांसद के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। कंगना ने 10 नवंबर को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी। इसको लेकर रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने हिमाचल के DGP से शिकायत की थी। अतुल शर्मा ने कंगना के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि ये भ्रामक, अपुष्ट और भड़काऊ है और इससे सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द्र प्रभावित हो सकता है। DGP के निर्देशों पर शिमला पुलिस ने बीती रात केस दर्ज कर लिया। जानिए, रिटायर्ड कैप्टन ने शिकायत में क्या कहा.. इन धाराओं में दर्ज हुआ केस पुलिस ने BNS की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत FIR दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में मुख्य रूप से धारा 196 और 353 के तहत कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही धारा 197 के तहत भी जांच करने का अनुरोध किया था, लेकिन FIR में धारा 197 नहीं लगाई गई। ASI मदल लाल को सौंपी जांच FIR के मुताबिक, मामले की जांच ASI मदन लाल को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कंगना की पोस्ट को भ्रामक, अपुष्ट और भड़काऊ बताते हुए आशंका जताई थी कि इससे सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। पढ़िए कंगना के 4 विवादित बयान, जिन पर विवाद… पहला बयानः राजीव गांधी की हत्या वाले दिन साथ नहीं गई थीं सोनिया कंगना रनोट ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम से एक सोशल मीडिया पोस्ट रीशेयर की, जिसमें लिखा था कि जिस दिन राजीव गांधी की हत्या हुई, वह उस दिन सोनिया को साथ ले जाना चाहते थे, लेकिन वह नहीं गईं। इसके बाद कंगना ने लिखा, सोनिया गांधी की बायोग्राफी अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसी है। इसमें उन्होंने बताया है कि राजीव गांधी की हत्या वाले दिन वह उनके साथ क्यों नहीं गई थीं। उन्होंने इसकी वजह थकान और सुस्ती जैसी समस्याएं बताई थीं। अब हमें पता चल गया कि राहुल गांधी को अपनी मां से ही खुद को मुश्किल में डालने की यह कला विरासत में मिली है। दूसरा बयानः कमाई नहीं, तो सोनिया गांधी दुनिया की अमीर महिला कैसे बनीं कंगना ने अगली पोस्ट में लिखा, बिना जिंदगी में एक पैसा कमाए, वह 1991 में दुनिया की सबसे अमीर महिला कैसे बन गईं? क्या उनके नाम पर स्विस बैंक खातों में 2 अरब डॉलर से ज्यादा की रकम जमा थी? वाह। परिवार के सभी लोगों की अचानक मौत के बाद सहानुभूति पाने वाली एक गरीब इटेलियन विधवा अरबपति बन गईं? उनकी बायोग्राफी इन सवालों का जवाब क्यों नहीं देती? तीसरा बयानः राजीव गांधी और मेनका गांधी के रिश्ते पर सवाल कंगना ने सोशल मीडिया पर मेनका गांधी का सिमी गरेवाल को दिया हुआ इंटरव्यू री-पोस्ट किया, जिसमें मेनका ने कहा था कि उन्हें परिवार के साथ खाने के टेबल पर बैठने की इजाजत भी नहीं थी। इस पर कंगना ने लिखा, ‘मेनका कहती हैं कि वह और इंदिरा गांधी, दोनों एक तीसरे व्यक्ति की वजह से पीड़ित थीं। वह तीसरा व्यक्ति कौन था? 22 साल की मेनका विधवा हो गई थीं। मेनका को परिवार की मेज पर साथ बैठने की अनुमति नहीं थी और उन्हें घर छोड़ना पड़ा था। सोनिया गांधी ने अपनी बायोग्राफी में बताया है कि क्योंकि उनके विपक्षी दलों में दोस्त थे।’ ‘लेकिन हर कोई जानता है कि राजीव गांधी राजनीति में आने के इच्छुक नहीं थे। उन्होंने खुले तौर पर कहा था कि उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मजबूर किया गया था। तो फिर मेनका को परिवार से बाहर कौन करना चाहता था?’ कंगना आगे लिखती हैं कि मेनका इस बात से हैरान थीं क्योंकि परिवार के बाकी सभी लोग मरने वाले थे और उन्हें लगता था कि यह उनके परिवार से छुटकारा पाने का एकमात्र रास्ता था। चौथा बयानः सोनिया के आने के बाद कई मौतें होना संयोग सोनिया गांधी की बुक रिलीज होने के बाद कंगना ने लिखा था, 'फिल्म 'इमरजेंसी' के लिए मैंने भारतीय राजनीति और गांधी परिवार पर काफी रिसर्च की थी। इस दौरान एक बात मेरी समझ से बाहर रही। एक रहस्यमयी विदेशी महिला गांधी परिवार में आती है। इसके बाद इंदिरा गांधी की हत्या हो जाती है। फिर प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदार संजय गांधी और राजीव गांधी की भी हत्या हो जाती है। इन घटनाओं के बाद प्रधानमंत्री पद की दावेदार के रूप में सिर्फ एक व्यक्ति बचती हैं और वह हैं सोनिया गांधी। लोगों ने इस बात पर भी ध्यान नहीं दिया कि ये कितने सारे संयोग एक साथ हुए। -------------------------- यह भी पढ़ें- कंगना रनोट ने सोनिया गांधी पर उठाए सवाल:बोलीं- रहस्यमयी विदेशी महिला के आने के बाद गांधी परिवार में हुईं कई मौतें, ये बड़ा संयोग सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के बाजार में आने के बीच भाजपा सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनोट ने गांधी परिवार को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने सोनिया गांधी के गांधी परिवार में आने के बाद इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत को बड़ा संयोग बताया। (पूरी खबर पढ़ें…)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)