बलरामपुर में प्रभारी मंत्री ने संभाली कमान:बाढ़-बारिश से तबाही के बीच प्रशासन अलर्ट, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता

Sep 28, 2026 - 20:26
0
बलरामपुर में प्रभारी मंत्री ने संभाली कमान:बाढ़-बारिश से तबाही के बीच प्रशासन अलर्ट, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
अतिवृष्टि और आंधी से प्रभावित बलरामपुर जिले में राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार शाम 6 बजे प्रदेश के राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश से हुए नुकसान और राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों तक सरकारी सहायता बिना देरी पहुंचाई जाए और बाधित सेवाओं को युद्धस्तर पर बहाल किया जाए।बैठक में जनहानि, मकानों की क्षति, पशुहानि, बिजली व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य जरूरी सेवाओं की स्थिति पर विभागवार जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि अतिवृष्टि से जिले में 90 मकानों के क्षतिग्रस्त होने का आकलन किया गया है। इनमें बलरामपुर तहसील के 21, तुलसीपुर के 35 और उतरौला के 34 मकान शामिल हैं। राहत पोर्टल के माध्यम से प्रभावितों को अनुमन्य सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया जारी है। प्रभारी मंत्री ने प्रभावित परिवारों को सहायता राशि भी प्रदान की। इसके बाद मंत्री ग्राम कलंदरपुर पहुंचे। यहां उन्होंने अतिवृष्टि में जान गंवाने वाले प्रेम नारायण और चंपा देवी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है। दोनों मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से ₹4-₹4 लाख की आपदा सहायता राशि सौंपी गई। शाम 6:30 बजे मंत्री ने कोडरीघाट पहुंचकर राप्ती नदी के जलस्तर और आसपास के हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी, संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव संसाधन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों व पोलों की मरम्मत, विद्युत आपूर्ति और आवागमन बहाल करने में तेजी लाने को कहा। बैठक में विधायक पल्टूराम, कैलाश नाथ शुक्ला, राम प्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी,डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन,एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User