बुलंदशहर के पहलवान MP में करेंगे प्रतिभाग:5 अक्टूबर तक चलेगी विद्या भारती की राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता
बुलंदशहर में अनूपशहर रोड स्थित छत्रपति शिवाजी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के दो पहलवान विद्या भारती की 37वीं राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए मध्य प्रदेश रवाना हो गए हैं। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के सरस्वती ग्रामोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 5 अक्टूबर तक चलेगी। कुश्ती प्रशिक्षक प्रदेश कुमार ने बताया कि दोनों खिलाड़ी फ्री स्टाइल श्रेणी में क्रमशः 48 किलो में रितिक कुमार और 120 किलो भार वर्ग में यश जादौन विद्या भारती के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता आगे बढ़ने का चरण है। ऐसे में बुलंदशहर के खिलाड़ियों की नजर बेहतर प्रदर्शन के साथ फेडरेशन प्रतियोगिता में चयनित होने पर होगी। विद्यालय के प्रबंधक अधिवक्ता मनोज नारायण बेरी ने खिलाड़ियों को मिष्ठान खिलाकर और आशीर्वाद देकर रवाना किया। इस दौरान सभी खेल प्रशिक्षक और विद्यालय के शिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर स्वर्ण पदक विजेता को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ खेलने तथा विद्यालय का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या हर्षिता सांगवान ने कहा कि देश निरंतर खेलों में शीर्ष स्तर तक बढ़ता जा रहा है, आज के ये सभी खिलाड़ी आगामी भावी पीढ़ी के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की श्रेणी में अपना नाम दर्ज कराएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)