चांदी व्यापारी से ठगी करने वाले दो ठग गिरफ्तार:10 लाख के पुराने नोट और कोरे कागज की गड्डियां बरामद, कार-फोन जब्त, फरीदाबाद के दो साथी फरार
न्यू आगरा थाना पुलिस ने चांदी व्यापारियों को अप्रचलित नोट और कोरे कागज की गड्डी देकर ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 लाख 34 हजार 500 रुपए के अप्रचलित नोट, 4 हजार की प्रचलित करेंसी, एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ACP हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि 28 सितंबर को पीड़ित व्यापारी ने थाना न्यू आगरा में तहरीर दी थी कि उसका गोविंदपुरम गाजियाबाद स्थित एक फर्म से चांदी का व्यापार होता था। साल 2026 से उसका व्यापार अमन वर्मा और सचिन वर्मा के माध्यम से होने लगा। साल भर के व्यापार का भुगतान नहीं मिला तो व्यापारी ने दबाव बनाया। 28 सितंबर को दोनों आरोपियों ने व्यापारी को भगवान टॉकीज पर बुलाया। कपड़े में सिली हुई एक लाख की गड्डी दी, जो एक जगह से फटी थी और ऊपर 500 का नोट लगा था। आरोपियों के जाने के बाद व्यापारी ने गड्डी खोली तो अंदर सिर्फ एक असली नोट था, बाकी सफेद कागज थे। पीड़ित ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर दोनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने टीम गठित कर मुखबिर की सूचना पर 29 सितंबर को ग्राम बहादुर चौराहे के पास से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन वर्मा पुत्र सरवन वर्मा निवासी आकाश नगर गोविंदपुरम गाजियाबाद और सचिन वर्मा पुत्र विक्कल वर्मा निवासी शांति नगर दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चांदी खरीदने का सौदा कर व्यापारी को भरोसे में लेते थे। कुछ रकम असली देकर सौदा तय कर लेते थे। चांदी मिलने के बाद पुराने नोटों की गड्डी पर 500 का असली नोट लगाकर दे देते थे। इस खेल में उनके साथी हरेंद्र निवासी फरीदाबाद और अनस भी शामिल हैं, जो उन्हें पुराने नोट उपलब्ध कराते हैं। कार से 4 गड्डियां ऐसी मिलीं जिन पर 500 के असली नोट लगे थे। पुलिस ने बताया कि फरार साथियों हरेंद्र और अनस की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)