चिकन मार्केट में रात 11 बजे पुलिस की सख्ती:मुजफ्फरनगर में एक ही सड़क पर दो थाना क्षेत्रों के अलग नियम
मुजफ्फरनगर के मीनाक्षी चौक की चिकन मार्केट में रात 11 बजे दुकानें बंद कराने को लेकर पुलिस की सख्ती अब नए सवाल खड़े कर रही है। गुरुवार रात करीब 11 बजे खालापार थाना पुलिस एक बार फिर मौके पर पहुंची और दुकानों को बंद कराया। एक दिन पहले (बुधवार रात) इसी मार्केट में खालापार इंस्पेक्टर विजय कुमार का वीडियो सामने आया था, जिसमें वह दुकानदारों से 10:50 बजे लाइट बंद करने और 11 बजे तक ग्राहकों को बाहर करने की बात कहते नजर आए थे। इसके बाद एएसपी सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने मीडिया से कहा था कि दुकानें बंद करने का कोई निर्धारित पुलिस आदेश नहीं है, बल्कि दुकानदारों और मार्केट कमेटी से यह अपील की जा रही है। पुलिस का कहना था कि मकसद अतिक्रमण, विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति को नियंत्रित करना है। लेकिन गुरुवार रात करीब 11 बजे पुलिस टीम का मौके पर पहुंचकर दुकानें बंद कराना इस ‘अपील’ की जमीनी तस्वीर पर सवाल खड़े कर रहा है। सबसे खास बात यह है कि सख्ती पूरे बाजार में एक जैसी नजर नहीं आ रही। मीनाक्षी चौक की सड़क का एक हिस्सा थाना खालापार क्षेत्र में आता है, जबकि सड़क का दूसरा हिस्सा थाना सिविल लाइन क्षेत्र में है। रात में पहुंचकर दुकानों को बंद करा रही खालापार थाना पुलिस जहां लगातार रात में पहुंचकर दुकानों को बंद करा रही है, वहीं दूसरी तरफ सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दुकानें पहले की तरह चलती दिखाई दे रही हैं। वहां इसी तरह की कार्रवाई नजर नहीं आ रही। यानी एक ही सड़क पर दुकान के इस तरफ रात 11 बजे पुलिस पहुंचकर कारोबार बंद करा रही है और दूसरी तरफ सबकुछ पहले की तरह चल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)