चंदौली में दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत:26 दिन बाद होनी थी शादी, बहन को ससुराल छोड़ने जा रहा था
चंदौली के कमालपुर क्षेत्र में सोमवार शाम तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कादीराबाद निवासी शुभम सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीर उन्हें तत्काल कमालपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुभम की 24 नवंबर को शादी होनी थी। शादी से पहले हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। बहन को ससुराल छोड़ने जा रहे थे शुभम हादसा सकलडीहा-कमालपुर मार्ग पर इनायतपुर गांव के सामने हुआ। शुभम बलुआ के सराय में रेस्टोरेंट चलाते थे। सोमवार शाम वह अपनी बड़ी बहन को जनौली स्थित उनकी ससुराल छोड़ने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। शादी की तैयारियों के बीच मातम टक्कर इतनी तेज थी कि शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। शुभम की शादी 24 नवंबर को पपौरा गांव में तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही खुशियां मातम में बदल गईं। तीन बहनों में सबसे बड़े थे शुभम शुभम के पिता त्रिभुवन सिंह के तीन बेटियां और दो बेटे हैं। शुभम पांच संतानों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में चिंता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक से प्रमुख मार्गों पर नियमित वाहन जांच और यातायात नियमों के पालन के लिए अभियान चलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)